ग्वालियर। दीपावली के पर्व पर घरों से निकलने वाली अनुपयोगी वस्तुओं को कचरे में जाने से बचाने और उन्हें जरूरतमंद परिवारों के उपयोग में लाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा स्वच्छ दिवाली 01 रुपये वाली विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 21 अक्टूबर से 3 नवंबर तक संचालित इस अभियान के माध्यम से अनुपयोगी समझी जाने वाली वस्तुओं को नया उपयोग देकर पर्यावरण संरक्षण के साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता की जाएगी। नगर निगम की टीम द्वारा घर-घर जाकर आम नागरिकों से अपने घर की अनुपयोगी सामान जमा करने की अपील की जा रही है।
अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने बताया कि दीपावली के दौरान घरों की साफ-सफाई में बड़ी संख्या में ऐसी वस्तुएं बाहर निकलती हैं, जिनका उपयोग थोड़ी मरम्मत या उचित रखरखाव के बाद दोबारा किया जा सकता है। अक्सर ये वस्तुएं कचरे में पहुंच जाती हैं, जिससे अपशिष्ट की मात्रा बढ़ती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल की अवधारणा को बढ़ावा दिया जा रहा है। दीपावली के पश्चात तैयार की गई वस्तुएं जरूरतमंद नागरिकों को मात्र 01 रुपये प्रति वस्तु की दर से उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान के तहत एक व्यक्ति को अधिकतम पांच वस्तुएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार इस पहल का लाभ ले सकें।