ग्वालियर । ग्वालियर दक्षिण में विकास कार्यों की श्रृंखला लगातार जारी रहेगी। सरकार क्षेत्र की प्रत्येक बस्ती में सड़क, बिजली, पेयजल इत्यादि बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिये प्रतिबद्ध है। इस आशय के विचार सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने शहर के वार्ड-44 के अंतर्गत खुर्जेवाला मोहल्ला दौलतगंज में डामरीकृत सड़क के भूमिपूजन कार्यक्रम में व्यक्त किए।
मंत्री कुशवाह ने मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से लगभग 45 लाख 24 हजार रुपए की लागत से बनने जा रही इस डामरीकृत सड़क का भूमिपूजन कन्या पूजन एवं मशीन की पूजा के साथ किया। इस सड़क का निर्माण दौलतगंज में नमकीन वाली दुकान से मैथलीशरण गुप्त का चौराहा होते हुए खुर्जेवाला मोहल्ला तक किया जायेगा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, पार्षद श्रीमती यामिनी परांडे तथा कनवर मंगलानी, कमल माखीजानी, प्रिंस मझवार व श्रीमती रामबाई पाल सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद थे।