पत्रकार आवासीय योजना में फ्लैट की दरें घटाने की मांग
धौलपुर,(प्रदीप कुमार वर्मा)। ग्लोबल फोरम फॉर जर्नलिस्ट्स ने पत्रकार आवासीय योजना में फ्लैट की दरें घटाने की मांग की है। फोरम ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है कि हाल ही में घोषित पत्रकार आवासीय योजना का लाभ वास्तविक श्रमजीवी पत्रकारों तक पहुंचने की संभावना वर्तमान स्वरूप में काफी कम दिखाई दे रही है। संगठन ने फ्लैट की प्रस्तावित दरों में 50 प्रतिशत कमी करने तथा योजना का दायरा बढ़ाकर 1,000 फ्लैट किए जाने की मांग की है। ग्लोबल फोरम फॉर जर्नलिस्ट्स के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि फोरम के संरक्षक जयदेव शर्मा, अध्यक्ष प्रद्युम्न शर्मा एवं सचिव अनिल माथुर ने संयुक्त बयान जारी किया है। बयान में कहा है कि पत्रकारों के लिए आवासीय योजना प्रारंभ करना मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सराहनीय पहल है।
फोरम पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार समाज की वास्तविक आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखना भी उतना ही आवश्यक है। वर्तमान दौर में अधिकांश श्रमजीवी पत्रकारों का वेतन इतना नहीं है कि वे लाखों रुपये मूल्य के महंगे फ्लैट खरीद सकें। मीडिया संस्थानों में कार्यरत बड़ी संख्या में पत्रकार सीमित आय में परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि फ्लैटों की वर्तमान प्रस्तावित दरें यथावत रहती हैं तो बड़ी संख्या में पात्र और जरूरतमंद पत्रकार इस योजना का लाभ लेने से वंचित रह जाएंगे। योजना का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा जब इसे पत्रकारों की आर्थिक क्षमता के अनुरूप बनाया जाए। फोरम ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि पत्रकार हितों को ध्यान में रखते हुए फ्लैटों की निर्धारित कीमतों में 50 प्रतिशत की कमी कर उन्हें लगभग 35 लाख रुपये किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में निर्माण लागत या अन्य कारणों से फ्लैटों की कीमतों में कोई अतिरिक्त वृद्धि न की जाए। फोरम के पदाधिकारियों ने कहा है कि राजधानी जयपुर में बड़ी संख्या में पत्रकार वर्षों से आवास की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में वर्तमान योजना में प्रस्तावित आवासों की संख्या पर्याप्त नहीं है। इसलिए योजना का दायरा बढ़ाते हुए 1000 फ्लैट किए जाएं, ताकि जयपुर में कार्यरत अधिक से अधिक पत्रकार इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकें।