छात्राओं ने चलाया स्वच्छता जागरूकता अभियान
ग्वालियर। स्वच्छ भारत मिशन 2026-27 के अंतर्गत नगर निगम द्वारा प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग पर रोक लगाने और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को कार्मल कॉन्वेंट विद्यालय फालका बाजार की छात्राओं ने आसपास के क्षेत्र में पॉलीथिन का उपयोग करने वाले दुकानदारों एवं ठेलेवालों से नगर निगम के साथ मिलकर पॉलीथिन जब्त की। साथ ही उन्हें पॉलीथिन के विकल्प के रूप में कपड़े या जूट के थैले, बायोडिग्रेडेबल पॉलीबैग और माइक्रो-ओवन वाले बैग इस्तेमाल करने का सुझाव दिया गया।
निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देश एवं अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के दौरान दुकानदारों और ठेले वालों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान के तहत स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर आसपास के बाजारों से पॉलीथिन जब्त की जा रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को कार्मल कॉन्वेंट विद्यालय फालका बाजार की छात्राओं ने अपने आस-पास के बाजारों, हाथ-ठेले वालों और सब्जी मंडियों में पॉलीथिन जब्त कर जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान में 60 से ज्यादा छात्राओं ने हिस्सा लिया और 50 किलोग्राम से ज्यादा सिंगल-यूज पॉलीथीन जब्त की गई। इस दौरान नगर निगम की डब्ल्यूएचओ और एसटीएफ टीमों ने मौके पर पॉलीथिन का उपयोग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की। कॉर्मल कॉन्वेंट विद्यालय की छात्राओं और नगर निगम की आईईसी टीम द्वारा फालका बाजार में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान अंतर्गत अमानक पॉलीथिन का उपयोग न करने के लिए रैली निकालकर अमानक पॉलीथिन के स्थान पर कपड़े के थैले का उपयोग करने के लिए दुकानदारों एवं आमजन को जागरूक किया।