दशहरा समारोह में समाज के सच्चे नायक गोपाल दास लढ्ढा को मिलेगा ‘पुरुषोत्तम सम्मान
‘कथा श्रीराम की’ की संगीतमय नृत्य-नाटिका होगी मुख्य आकर्षण, 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले का होगा दहन*
ग्वालियर। असत्य पर सत्य की विजय, अधर्म पर धर्म की जीत और समाज में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश देने के उद्देश्य से चेतना मंच द्वारा शताब्दीपुरम स्थित नवीन दशहरा मैदान में भव्य दशहरा समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह में नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवी गोपाल दास लढ्ढा को द्वितीय स्व. महेश खंडेलवाल स्मृति *‘पुरुषोत्तम सम्मान’* से सम्मानित किया जाएगा। समाजहित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्व को यह सम्मान प्रदान कर चेतना मंच समाज के उन सच्चे नायकों को सम्मानित करने की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है, जो अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं।
चेतना मंच के अध्यक्ष दीपक तोमर एवं संरक्षक बृजेश यादव ने बताया कि ‘पुरुषोत्तम सम्मान’ केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि समाज के प्रति समर्पण, सेवा और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के आदर्श केवल आस्था और पूजा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें अपने आचरण, सामाजिक व्यवहार और जनसेवा में उतारना भी आवश्यक है। इसी विचार को जन-जन तक पहुंचाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
समारोह के प्रातःकालीन सत्र में पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया जाएगा। तीन वर्ष पूर्व चेतना मंच द्वारा लगाए गए 70 पौधों में से वृक्ष का रूप ले चुके 56 पौधों का विधिवत *‘वृक्ष पूजन* ’ किया जाएगा। यह पहल प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देगी।
सम्मान समारोह के उपरांत राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त निर्देशक बृजकिशोर दीक्षित के मार्गदर्शन में स्थानीय कलाकारों द्वारा संगीतमय नृत्य-नाटिका *‘कथा श्रीराम की* ’ का भव्य मंचन किया जाएगा। भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और विजयगाथा पर आधारित यह प्रस्तुति दर्शकों को भक्ति, संगीत और नृत्य के अनूठे संगम से भावविभोर करेगी।
इसके पश्चात 65 फीट ऊंचे रावण तथा 40-40 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। भव्य आतिशबाजी के साथ समारोह का समापन होगा। बुराई पर अच्छाई की विजय का यह दृश्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
चेतना मंच के पदाधिकारियों मूलचंद्र रसैनिया एवं सुरेश वर्मा ने बताया कि समारोह में आने वाले धर्मप्रेमियों और दर्शकों की सुविधा के लिए विशाल पार्किंग, फूड जोन एवं मनोरंजन सेक्टर की व्यवस्था की गई है, ताकि परिवारों सहित आने वाले लोग समारोह का आनंद सुगमता और सुरक्षित वातावरण में ले सकें।
चेतना मंच ने समस्त धर्मप्रेमियों, नगरवासियों एवं परिवारों से समारोह में सपरिवार सम्मिलित होकर भगवान श्रीराम के आदर्शों, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के संदेश को आत्मसात करने की अपील की है।
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए चेतना मंच के अध्यक्ष दीपक तोमर, बृजेश यादव, डॉ. हरिमोहन पुरोहित, बृजकिशोर दीक्षित, डॉ. अरविन्द मित्तल, मूलचंद रसैनिया, सुरेश वर्मा, पी.एस. कुशवाह, रामप्रकाश परमार, बालकृष्ण शर्मा, अभिषेक खंडेलवाल, विकास अग्रवाल, सागर नाती, गिर्राज शर्मा, अशोक मिश्रा, जे.पी. पाण्डेय, अनिल शर्मा, श्रीमती रेखा त्रिपाठी (पार्षद), श्रीमती शालिनी गुप्ता, श्रीमती पूनम परिहार, लता सोनी, मंगला झा, सरिता शर्मा, पुखराज मीणा, संतोष गुप्ता, राजाराम पाल एवं डॉ. गौरव शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने नगरवासियों को आमंत्रित किया है।