शीतला माता मंदिर मार्ग हादसे के घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे विधायक डॉ. सिकरवार
ग्वालियर। शीतला माता मंदिर मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार अस्पताल पहुंचे और हादसे में घायल श्रद्धालुओं एवं उनके परिजनों से मुलाकात की। विधायक डॉ. सिकरवार ने घायलों का हालचाल जाना और उनके दुख-दर्द को साझा करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि ग्वालियर के शीतला माता मंदिर मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने मन को व्यथित कर दिया है। इस कठिन समय में हम सभी पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि इस हृदयविदारक हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों का दुख शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। डॉ. सिकरवार ने इस घटना को प्रशासन की नाकामी बताते हुए कहा कि यह घटना प्रशासन की लापरवाही और नाकामी का नतीजा है। दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए और सरकार को पीड़ितों को उचित मुआवजा देना चाहिए।जो मुआवजा राशि का एलान किया गया है वह तो बहुत कम है। मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख और घायलों को 25-25 लाख मुआवजा दिया जाए।