सरकार की मंशा है, हर परिवार हो खुशहाल: प्रद्युम्न सिंह तोमर
- ऊर्जा मंत्री ने 216 हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ प्रमाण पत्र
ग्वालियर । ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बुधवार को 216 हितग्राहियों को राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ प्रमाण पत्र वितरित किए। अपने रेसकोर्स रोड स्थित सरकारी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि हर परिवार और हर जरुरतमंद के चेहरे पर खुशहाली लाना सरकार का संकल्प है। इसकी पूर्ति के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। इस अवसर पर उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश देते हुए समस्याओं का समाधान निर्धारित समय सीमा में करने की बात कही।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे इसके लिए हर जिला, तहसील स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। इस दिशा में सरकार सतत प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि विकास का यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। शहर के प्रत्येक नागरिक को अच्छी शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराना ही शासन की प्राथमिकता है। ऊर्जा मंत्री तोमर ने आव्हान किया कि हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि अपने जीवन में स्वच्छता को अपनाएंगे और एक नया स्वस्थ, हरा-भरा, नशा मुक्त समाज बनाएंगे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकास की दिशा में यह कदम स्वच्छता, सुरक्षित जल और बेहतर जीवन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण साबित होगा। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि ग्वालियर सांस्कृतिक, औद्योगिक और पर्यटन केन्द्र के रुप में विकसित हो रहा है। बीते कुछ समय में शहरी बुनियादी ढांचे के उन्नयन के साथ-साथ पर्यावरण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्वालियरवासियों को हम सभी से काफी उम्मीदें हैं। शहर में चल रहीं विभिन्न विकास योजनाओं के पूरा होने से न केवल सुविधाएं बढ़ रही हैं, बल्कि ग्वालियर को एक विकसित स्मार्ट सिटी के रूप में पहचान मिल रही है। ऊर्जा मंत्री ने 216 हितग्राहियों को राज्य और केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हित लाभ के प्रमाण पत्र प्रदान किए। जिसमें 28 हितग्राहियों को विधवा, वृद्धावस्था तथा विकलांग पेंशन के प्रमाणपत्र, 86 हितग्राहियों को राशन पात्रता पर्ची, 79 महिलाओं को कामकाजी महिला कार्ड, 23 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत पांच लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज हेतु आयुष्मान कार्ड शामिल हैं।