साइबर सुरक्षा, महिला सम्मान और नशा मुक्ति से ही बनेगा विकसित भारत: सांसद कुशवाह
ग्वालियर । युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत केंद्र ग्वालियर द्वारा शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बिरला नगर में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत थीम पर एक विशेष युवा जागरूकता कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद भारत सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव, हॉकी इंडिया के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट तथा एमएमए के वाईस प्रेसिडेंट देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर उपस्थित रहे।
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि आज के डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति युवाओं को अत्यधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन सतर्कता पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने महिला सुरक्षा एवं सम्मान को एक सशक्त समाज की अनिवार्य शर्त बताया। सांसद कुशवाह ने नशा-मुक्त भारत का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव ने भी युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने युवाओं में खेल भावना और अनुशासन के महत्व को बताते हुए उपस्थित सभी युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों को नशा मुक्त भारत की शपथ सामूहिक रूप से दिलाई।इस अवसर पर प्राचार्य सचिन कौरव, प्राचार्य पुष्कर बंसल, जिला रोजगार अधिकारी दिनेश बाथम, यूथ आइकॉन तरुण विश्वकर्मा और सुशील उपाध्याय विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में नेशनल यूथ वॉलिंटियर चमन कुशवाह, विक्रम बघेल, विशाल कुशवाह, कोमेंद्र गुर्जर, अनुज शर्मा, रागिनी चौरसिया सहित समस्त छात्र-छात्राओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन सफल युवा मंडल के अध्यक्ष अरविंद कुशवाह द्वारा किया गया।