मेरे सपनों का भारत में छात्राओं ने रखी समानता, सुरक्षा और रोजगार की सशक्त कल्पना


ग्वालियर। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शासकीय महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, ग्वालियर में शुक्रवार को “मेरे सपनों का भारत” विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की 30 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भारत के वर्तमान सामाजिक परिदृश्य और भविष्य की अपनी कल्पना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने समानता, शिक्षा, महिला सुरक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि ऐसा भारत होना चाहिए, जहां प्रत्येक नागरिक को समान अवसर मिले और महिलाएं एवं बालिकाएं बिना किसी भय के स्वतंत्र एवं सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ सकें। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली खुशी राठौर, सीएस द्वितीय वर्ष ने अपने संबोधन में रवीन्द्रनाथ टैगोर की प्रसिद्ध पंक्ति “Where the mind is without fear” का उल्लेख करते हुए इसे सरल हिंदी में समझाया कि ऐसा भारत होना चाहिए, जहां किसी व्यक्ति के मन में भय न हो और हर नागरिक का सिर सम्मान से ऊंचा रहे। छात्राओं ने अपने विचारों में कहा कि लड़कियों को घर से बाहर निकलते समय किसी प्रकार का डर महसूस नहीं होना चाहिए और समाज में उन्हें पूर्ण सुरक्षा एवं सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने दहेज प्रथा के पूर्ण उन्मूलन तथा महिलाओं और बालिकाओं को घरेलू हिंसा से मुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने रोजगार के अवसरों को भी अपने सपनों के भारत का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि हर हाथ को काम और प्रत्येक व्यक्ति को रोजगार का अवसर मिलना चाहिए, ताकि आर्थिक असमानता को कम किया जा सके। इसके साथ ही समाज के प्रत्येक नागरिक के शिक्षित होने तथा अमीर-गरीब के भेद से परे सभी को बेहतर और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ संस्था के प्राचार्य डॉ. ए. ए. सिद्दीकी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी अनूप पहाड़िया, कॉर्डिनेटर श्रीमती वीणा अनेजा एवं कु. भारती वर्मा उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में डॉ. मधु, डॉ. बी. आर. वर्मा एवं श्रीमती अमिता गर्ग ने दायित्व निभाया। इस अवसर पर महाविद्यालय का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा। प्रतियोगिता के परिणामों में प्रथम स्थान खुशी राठौर (सीएस द्वितीय वर्ष), द्वितीय स्थान रोशनी (टीडी प्रथम वर्ष) तथा तृतीय स्थान अपर्णा त्रिपाठी (आईटी प्रथम वर्ष) ने प्राप्त किया। 

posted by Admin
10

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->