ग्वालियर। अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास की नई कार्यकारिणी के लिए 11 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव के लिये तमाम प्रत्याशियों की उम्मीदवारी के नाम सामने आ रहे हैं। अब अग्रवाल परिचय सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश ऐरन का नाम भी सामने आया है। राजेश ऐरन के अध्यक्ष पद पर चुनावों में ताल ठोंकने से न्यास के चुनावों की राजनीति गर्मा गई है। उनके सामने अध्यक्षी के लिये राजीव चडढा चाचा जनरल स्टोर का नाम भी सामने आ रहा है। चुनाव के लिये 24 और 25 सितंबर को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 30 सितंबर को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। चुनाव प्रचार के दौरान पोस्टर और बैनर लगाने पर सख्त प्रतिबंध है, ऐसा करने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है। मंदिर और मतदान केंद्र के 300 मीटर के दायरे में किसी भी तरह की प्रचार सामग्री लगाने की अनुमति नहीं है। न्यास में कुल 3826 पंजीकृत सदस्य हैं जो मतदान में हिस्सा लेंगे। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस मुस्तैद है। क्षेत्रीय एसडीएम और सीएसपी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। संभावित उम्मीदवारों ने जनसंपर्क तेज कर दिया है, जिसमें अध्यक्ष पद के लिए राजीव चडढा व राजेश ऐरन और न्यासी पद के लिए महेश मुद्गल के नाम की चर्चा प्रमुख रूप से सामने आ रही है।