हर श्वास समाज के उत्थान के लिए समर्पित होः डॉ. यादव

- बाबूजी राजनेता कम, समाजसेवक अधिक थेः केंद्रीय मंत्री सिंधिया 
- मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक स्व. बाबू रघुवीर सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण 
- आकाशवाणी तिराहे का नाम रघुवीर सिंह तिराहा होगा 
ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आकाशवाणी तिराहे पर पूर्व विधायक एवं नगर निगम परिषद के पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वर्गीय बाबू रघुवीर सिंह की प्रतिमा का रिमोट का बटन दबाकर अनावरण किया। साथ ही स्व. रघुवीर सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रृद्धांजलि प्रदान की। इस मौके पर केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर घोषणा की कि आकाशवाणी तिराहा अब स्वर्गीय बाबू रघुवीर सिंह तिराहा किया जाएगा।
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मनुष्य की प्रत्येक श्वास की गिनती है। समय निरंतर गुजरता रहता है। हमें अपने जीवन में मिले समय का सदुपयोग कर समाज के उत्थान व जनकल्याण में अपनी सार्थक भूमिका निभानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने स्व. बाबू रघुवीर सिंह का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने महात्मा गांधी के मार्ग पर चलते हुए स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रमिक हों या किसान वर्ग, सभी के हितों और अधिकारों के लिए उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने जीवनभर समाज को स्वावलंबी बनाने की दिशा में कार्य किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज का दिन ग्वालियर के लिए एक अत्यंत भावुक क्षण भी है। स्वर्गीय श्री रघुवीर सिंह की प्रतिमा का अनावरण कर हम अपने गौरवशाली अतीत को स्मरण कर रहे हैं और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। 
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में ग्वालियर को असीम स्नेह और प्रेम मिला है। उन्होंने कहा मेरे लिए आज का दिन अत्यंत भावुक है, क्योंकि बाबूजी को मैंने बाल्यावस्था से देखा था। श्री सिंधिया ने कहा कि स्वर्गीय बाबू रघुवीर सिंह का जीवन समाज और राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा। वे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के घर-घर जाकर उनके परिवारजनों की सेवा किया करते थे। स्वतंत्रता आंदोलन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। श्री सिंधिया ने कहा कि कृषि विषय में शिक्षा प्राप्त करने के बाद बाबूजी ने किसानों के हितों के लिए भी अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने अपना जीवन किसान एवं समाज की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। बाबूजी राजनेता कम और समाजसेवक अधिक थे। 
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि स्वर्गीय बाबू रघुवीर सिंह एक सच्चे श्रमिक नेता थे और उनका पूरा जीवन श्रमिकों के हितों एवं अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए बीता। उनके साथ मेरे आत्मीय संबंध रहे हैं। खुशी की बात है मुझे आज उनकी प्रतिमा के अनावरण अवसर पर साक्षी होने का मौका मिला है। कार्यक्रम में बाल खाण्डे ने स्व. रघुवीर सिंह बाबूजी के जीवन के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह, राज्य सभा सांसद अशोक सिंह, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, विधायक प्रीतम लोधी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि निशांत खरे, स्व. रघुवीर सिंह बाबूजी के सुपुत्र रामसुंदर सिंह (रामू) आदि उपस्थित थे। 

posted by Admin
10

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->