प्रेम प्रसंग के चलते मारी थी युवक को गोली, आरोपी गिरफ्तार
ग्वालियर । माल से डयूटी समाप्त कर घर जा रहे माल कर्मचारी पर गोली चलाने वाले आरोपी को गोला का मंदिर थाना पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी ने अपने साथी पर गोली प्रेमप्रसंग के चलते चलाई थी। आरोपी और फरियादी दोनों ही शादीशुदा है और माल में काम करने वाली एक विवाहिता से संपर्क में थे और इसी कारण उनमे रंजिश पनप गई। पुलिस ने आरोपी से 32 बोर की पिस्टल और राउंड बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में मंगाराम फैक्ट्री के सामने सड़क किनारे नारायण विहार कालोनी में रहने वाले सचिन श्रीवास पर गोली चलाने वाले आरोपी बृजेश बरैया पुत्र राजेन्द्र सिंह उम्र 27 साल निवासी गौतम नगर थाटीपुर को गोला का मंदिर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की है। एसएसपी श्री सिंह ने बताया कि सचिन और आरोपी बृजेश केशर माल में काम करते है और दोनों की मुलाकात चार माह पूर्व केशर टावर में स्थित एक शोरूम में हुई थी। यहां पर बृजेश की परिचित युवती से सचिन की बातचीत होने लगी और इसी को लेकर बृजेश सचिन से रंजिश रखने लगा। बृजेश ने सचिन को धमकाया भी था कि वह युवती से बातचीत करना बंद कर दें और जब सचिन नहीं माना तो उसने उसे जान से मारने की धमकी दी और 23 अगसत को बृजेश बरैया ने सचिन को नीले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से आकर उसे पीछे से गोली मार दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और बृजेश को केशर टावर स्थित शोरूम से धर दबोचा है। पुलिस पूछताछ में आरोपी बृजेश ने वारदात करना कबूल कर लिया है।