बिजली विभाग के लाइनमैन को लोकायुक्त ने 5 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा
ग्वालियर| लोकायुक्त की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के लाइनमैन बाबूराम पटेल को 5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह घटना ग्वालियर संभाग के अशोकनगर जिले (पिपरई क्षेत्र) की है।
लोकायुक्त एसपी निरंजनलाल शर्मा ने बताया कि आरोपी लाइनमैन बाबूराम पटेल पुत्र स्व. रामलगन पटेल उम्र 45 वर्ष लाईन हेल्पर पदस्थापना प्रबन्धक विद्युत कंपनी अशोकनगर निवास mpeb कॉलोनी अशोक नगर ने उपभोक्ता श्रीराम बैरागी पुत्र रघुवरदास बैरागी , व्यवसाय - कृषि, उम्र 42 वर्ष ,निवासी ग्राम कुकरेथा तहसील पिपरई जिला अशोकनगर से आटा चक्की का कमर्शियल बिजली कनेक्शन देने के एवज में 10,000 की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित की शिकायत पर ग्वालियर लोकायुक्त ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 5,000 हाथ में लिए, टीम ने उसे दबोच लिया।कार्रवाई के दौरान जब आरोपी के हाथ केमिकल युक्त पानी से धुलवाए गए, तो उनका रंग गुलाबी हो गया। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।