ग्वालियर। ऋषांक तोमर वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा रतन ज्योति नेत्रालय के सहयोग से गुरुवार को जीवाजी विश्वविद्यालय परिसर में नि:शुल्क आई टेस्ट एवं मोतियाबिंद जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समय पर जांच की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन ऋषांक तोमर वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापक श्रेयांक तोमर के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की आंखों की जांच की तथा मोतियाबिंद सहित विभिन्न नेत्र रोगों की स्क्रीनिंग कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। इस अवसर पर जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरू डॉ. राजकुमार आचार्य, एमएलबी कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार बाजपेयी, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलगुरू प्रो.संगीता शुक्ला, मध्यप्रदेश बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष एवं सदस्य प्रेम सिंह भदौरिया तथा डॉ. आर.एस. तोमर उपस्थित रहे।