यह चुनाव दतिया विधानसभा क्षेत्र के विकास का चुनाव हैः आशुतोष तिवारी
दतिया। कांग्रेस पार्टी नेतृत्व विहीन, मुद्दा विहीन दल है। उनके पास न कोई सशक्त नेतृत्व है, न ही कोई मुद्दे हैं और न ही कोई ऐसे विकास कार्य हैं, जो वे जनता के बीच में जाकर बता सकें। कांग्रेस में सभी नेताओं की अपनी अलग-अलग कांग्रेस है, अलग-अलग गुट हैं। गुटबाजी करने वाली पार्टी कभी भी विकास नहीं करा सकती, क्योंकि उनमें श्रेय लेने की होड़ लगी रहती है। विकास कराने का काम तो भारतीय जनता पार्टी की सरकारों में हुआ है। यह बात दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने गुरुवार को दतिया विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क कर मतदाताओं का आर्शीवाद लेते हुये कही।
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि यह चुनाव भाजपा और कांग्रेस का चुनाव नहीं है, बल्कि यह चुनाव तो दतिया विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों का चुनाव है। जिन विकास कार्यों में दतिया विधानसभा पिछले ढाई वर्षों में पिछड़ गया है उन विकास कार्यों को करने का चुनाव है। कांग्रेस सिर्फ झूठा वादा करके जनता से वोट लेना जानती है। कांग्रेस पार्टी राजा-महाराजाओं की पार्टी है उन्हें आम जनता की परेशानियों और उनके कामों से कोई सरोकार नहीं है। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है और यहां पर हर एक कार्यकर्ता को समान अवसर मिलता है। इस बार भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने मुझे आपकी सेवा का अवसर दिया है। आप सभी भाजपा को आशीर्वाद दीजिए, ताकि बंद पड़ा दतिया विधानसभा क्षेत्र के विकास का पहिया फिर से घूमे। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि भाजपा ने मुझे आपकी सेवा के लिए अपना प्रत्याशी बनाया है। एक बार सेवा का अवसर दीजिए, सेवक बनकर आपके बीच में रहूंगा। आपके सुख-दुख में बराबर का सहभागी बनूंगा। चुनाव-प्रचार के दौरान आशुतोष तिवारी का जगह-जगह फलों, अनाजों से तुलादान भी किया गया।