वृक्ष मानव जीवन के आधार हैंः डा. सिंह
- कृषि विद्यालय परिसर में अमरूद एवं कटहल के पौधे रोपें
ग्वालियर। पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय के छात्रावास क्रमांक-1 परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में ‘‘एक पेड़ माँ के नाम‘‘ अभियान के अंतर्गत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. वाई. पी. सिंह ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। पेड़-पौधे हमें स्वच्छ वायु और ऑक्सीजन देने के साथ जल संरक्षण, मृदा संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में अमरूद एवं कटहल के पौधों का रोपण किया गया। विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उद्यानिकी विभागाध्यक्ष डॉ. आर. के. जायसवाल, डॉ. के. पी. सिंह, डॉ. सी. एस. तोमर, डॉ. सिद्धार्थ नामदेव, डॉ. आर. के. धाकड़, एनएसएस नोडल अधिकारी डॉ. विकास कुमार उपस्थित थे।