अंतर्राज्यीय सम्भागीय हाईक एवं ट्रेकिंग शिविर का उंटी तमिलनाडु में विधिवत शुभारंभ
ऊंटी (तमिलनाडु)। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स मध्यप्रदेश राज्य मुख्यालय के निर्देशन एवं सम्भागीय मुख्यालय ग्वालियर के तत्वावधान में दक्षिण रेलवे के केट्टी परिसर, ऊंटी (तमिलनाडु) में आयोजित हाईक एवं ट्रेकिंग शिविर का आज विधिवत शुभारंभ किया गया। शिविर में ग्वालियर सम्भाग के विभिन्न जिलों से आए लगभग 80 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिनमें स्काउटर, गाइडर, रोवर लीडर, रोवर एवं रेंजर शामिल हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दक्षिण रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं स्टेशन मास्टर रहे। शुभारंभ सत्र में अतिथियों का स्वागत स्काउट-गाइड परंपरा के अनुसार किया गया। शिविर संचालक शंकर सिंह एवं पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि को स्कार्फ पहनाकर तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने उद्बोधन में शिविर संचालक शंकर सिंह ने कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है, जो युवाओं में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करती है। उन्होंने कहा कि हाईक एवं ट्रेकिंग शिविर का उद्देश्य प्रतिभागियों को प्रकृति के निकट लाना, साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित करना तथा विपरीत परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता का विकास करना है। उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे शिविर के प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र, अभ्यास एवं गतिविधि में पूरे उत्साह और समर्पण के साथ भाग लें तथा यहां से प्राप्त अनुभवों को अपने दैनिक जीवन में उपयोग करें। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में ऊंटी एवं केट्टी क्षेत्र के ऐतिहासिक, भौगोलिक एवं प्राकृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ऊंटी अपनी प्राकृतिक सुंदरता, पर्वतीय श्रृंखलाओं, चाय बागानों एवं मनोहारी जलवायु के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। उन्होंने प्रतिभागियों को स्थानीय संस्कृति, प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं क्षेत्र की विशेषताओं की जानकारी देते हुए ट्रेकिंग एवं भ्रमण के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में अनुशासन, सतर्कता एवं सामूहिक सहयोग अत्यंत आवश्यक है तथा प्रत्येक प्रतिभागी को सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे शिविर युवाओं में आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता, टीम भावना एवं नेतृत्व कौशल का विकास करते हैं। प्रकृति के बीच रहकर सीखने का अवसर विद्यार्थियों एवं युवाओं को जीवन के महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को सफल एवं सुरक्षित शिविर संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं। शिविर के प्रथम दिवस पर प्रतिभागियों को शिविर की रूपरेखा, दैनिक कार्यक्रम, सुरक्षा नियमों एवं आगामी गतिविधियों की जानकारी प्रदान की गई। शिविर के दौरान विभिन्न हाईक, ट्रेकिंग, प्रकृति अध्ययन, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक जीवन, नेतृत्व विकास एवं साहसिक प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। शिविर के शुभारंभ अवसर पर उत्साह एवं उमंग का वातावरण देखने को मिला। सभी प्रतिभागियों ने स्काउट-गाइड के सिद्धांतों का पालन करते हुए सेवा, अनुशासन एवं साहस की भावना के साथ शिविर में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन एवं व्यवस्थाएं शिविर दल एवं स्काउट-गाइड पदाधिकारियों द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न की गईं।