झाँसी मंडल में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, कर्मचारियों को वितरित किए गए कपड़े के थैले
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में संचालित विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों की श्रृंखला के अंतर्गत झाँसी मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण में कमी तथा सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों एवं रेलकर्मियों के मध्य पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक के स्थान पर टिकाऊ एवं पर्यावरण हितैषी विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा द्वारा कर्मचारियों एवं स्टाफ सदस्यों को कपड़े के थैले वितरित किए गए। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण वर्तमान समय की सबसे गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों में से एक है, जिसके दुष्प्रभाव मानव स्वास्थ्य, वन्यजीवों तथा प्राकृतिक संसाधनों पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों से दैनिक जीवन में कपड़े के थैलों एवं पुनः उपयोग किए जा सकने वाले उत्पादों को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी विशेष दिवस तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सतत जिम्मेदारी है। यदि हम अपनी दिनचर्या में छोटे-छोटे सकारात्मक परिवर्तन करें, जैसे प्लास्टिक के उपयोग को कम करना, स्वच्छता बनाए रखना तथा प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कर्मचारियों को एकल-उपयोग प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान, कचरा प्रबंधन, स्वच्छता तथा हरित जीवनशैली के महत्व के संबंध में भी जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने तथा पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक एस. डी. मंसूरी, हरभजन सिंह, गौतम प्रजापति, विजय कुमार सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कर्मचारियों एवं स्टाफ सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक-मुक्त जीवनशैली को अपनाने तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित वातावरण के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।