अचलेश्वर पर हाईटेक प्याऊ एवं सुविधाओं के लिए भक्तों का फूटा गुस्सा

*विधायक सतीश सिकरवार पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच*
 *प्याऊ के नवनिर्माण सहित दीपस्थली, वाटर हार्वेस्टिंग, पार्किंग और पादुका स्टैंड सहित सभी मांगें मानीं, राठौड़ एवं शिवहरे ने दी आत्मदाह की चेतावनी*
 *विधायक ने कहा : मैं श्रद्धालुओं के साथ इसलिए चिंता न करें*
ग्वालियर। श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में हाईटेक प्याऊ के निर्माण, दीपदान स्थली, जूता स्टैंड, पार्किंग एवं वाटर हार्वेस्टिंग जैसी तमाम आधारभूत सुविधाओं की मांग को लेकर महादेव भक्तों का गुस्सा फूट पड़ा। मंदिर परिसर में सैकड़ों की संख्या में जमा बाबा के भक्तों ने हर हर महादेव के गगनभेदी उद्घोष के साथ अपनी मांगें एवं समस्याएं मंदिर प्रबंधन, जिला प्रशासन एवं राज्य शासन तक पहुंचाईं। भक्तों एवं श्रद्धालुओं के आक्रोश के चलते मंदिर प्रांगण में हंगामे की स्थिति बन गई। खबर लगते ही क्षेत्रीय विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे। उन्होंने अचलेश्वर बाबा के भक्तों की प्रत्येक मांग से सहमति एवं समस्याओं के प्रति सहानुभूति जताई। 
  इसके उपरांत विधायक डॉ सतीश सिकरवार एवं मंदिर न्यास के प्रशासन द्वारा नियुक्त रिसीवर जस्टिस निशीथ मोदी की सभी श्रद्धालुओं एवं न्यास सदस्यों से लंबी चर्चा हुई। सर्वसहमति से प्रस्ताव पारित किया गया कि पुरानी जीर्ण शीर्ण प्याऊ की जगह नवीन अत्याधुनिक हाईटेक प्याऊ का निर्माण जनभागीदारी से किया जाएगा जिसमे पंद्रह नलों के साथ वाशवेशिन, वाशरूम भी होंगे। श्रद्धालु सुरक्षित ढंग से श्रद्धापूर्वक दीप प्रज्वलित कर सकें इसके लिए दीपिका बनाई जाएगी। भक्तों की पादुकाओं को व्यवस्थित ढंग से रखने एवं चोरी से बचाने के लिए जूता स्टैंड बनाया जाएगा। वर्षाजल को सहेजने के लिए वाटर हार्वेस्टिंग कराई जाएगी। अचलेश्वर मार्ग पर यातायात को निर्विघ्न रखने एवं श्रद्धालुओं के वाहनों को चोरों से बचाने के लिए पार्किंग को व्यवस्थित किया जाएगा। इन घोषणाओं के होते ही पूरा मंदिर परिसर हर हर महादेव और बम बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर विधायक सतीश सिकरवार ने कहा कि अचलेश्वर बाबा के भक्त चिंता न करें। वे उनकी हर मांग को पूरा कराएंगे और पूजा अर्चना में आने वाले प्रत्येक व्यवधान को विस्तृत कार्ययोजना बनाकर दूर कराएंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में यहां "अचल लोक" बनाने का भी प्रस्ताव है जिसे जिला प्रशासन एवं राज्य शासन से चर्चा कर मूर्त रूप दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि मंदिर न्यास के रिसीवर जस्टिस निशीथ मोदी आपके बीच के ही हैं और समस्याओं को आपके सुझाव अनुरूप निराकृत कराएंगे, जनप्रतिनिधि के नाते उनका हरसंभव सहयोग रहेगा। 
 इस अवसर पर मंदिर न्यास के सदस्य संतोष सिंह राठौड़ एवं हरीबाबू शिवहरे ने यह भावुक चेतावनी देकर माहौल में सन्नाटा खींच दिया कि मंदिर की गरिमा और अचलेश्वर बाबा के प्रति भक्तों की श्रद्धा के प्रतिकूल कोई भी कदम उठाया गया तो वे आत्मदाह भी कर सकते हैं। इस पर विधायक सतीश सिकरवार ने भक्तों को भरोसा दिलाया कि वे ऐसा कोई कदम नहीं उठाएं क्योंकि उनका भाई हर कदम पर साथ खड़ा है। 
  *हाईटेक प्याऊ पर दानदाताओ के नाम अंकित करने के खिलाफ हैं भक्त*
भक्तों का यह भी कहना था कि मंदिर परिसर में बनने जा रही नई हाईटेक प्याऊ पर किसी भी दानदाता का नाम अंकित नहीं किया जाए। आज बड़ी संख्या में बाबा भोलेनाथ के भक्तों ने हाईटेक प्याऊ के लिए अपनी सामर्थ्य अनुरूप सहयोग राशि दान की। मंदिर कार्यालय में भक्तों से दानराशि प्राप्त कर विधिवत रसीदें देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
  *इनकी भी रही उपस्थिति* 
इस अवसर पर हरीदास अग्रवाल, प्रदीप बंसल, महेश सिंह तोमर, अजमेर सिंह रावत, सुरेन्द्र शर्मा, नारायण बृजवासी, श्याम ब्रजवासी, नरेन्द्र सिंहल, रामू बृजवासी, प्रदीप गुप्ता, प्रयागसिंग गुर्जर, रामनाथ अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, तुलसी बाबा, संजय जाटव, इंद्रप्रकाश गर्ग आदि उपस्थित थे।

posted by Admin
17

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->