सचिन तेंदुलकर मार्ग पर बारिश से पहले करें डामरीकरण: निगमायुक्त
ग्वालियर। नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का निगम आयुक्त संघ प्रिय ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोले के मंदिर स्थित कटारे फार्म हाउस पर बन रहे कन्वेंशन सेंटर, सचिन तेंदुलकर मार्ग, सिरोल स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना एवं नगर निगम संग्रहालय को देखा। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि सचिन तेंदुलकर मार्ग पर बारिश से पहले एक तरफ डामर की परत बिछा दें, जिससे आवागमन में बाधा नहीं हो। इसके साथ ही कन्वेंशन सेंटर का कार्य हर हाल में 31 जून तक पूर्ण कर लें अन्यथा संबंधित एजेंसी के खिलाफ पेनल्टी लगाई जाए।
निगमायुक्त संघ प्रिय ने सबसे पहले कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण किया, इस दौरान उन्होंने कार्य की धीमी गति को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए अधिकारी कंसलटेंट एवं ठेकेदार के साथ मिलकर प्रत्येक मंजिल के हिसाब से चार्ट तैयार कर दें कि 31 जून तक कैसे कन्वेंशन सेंटर का कार्य पूर्ण करेंगे। इसके बाद निगम आयुक्त संघ प्रिय ने सिरोल स्थित पीएम आवास योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि 3 दिन के अंदर पीएम आवास योजना में बनाई गई दुकानों की रजिस्ट्री प्रारंभ कराई जाए। साथ ही 1 जून तक एमआईजी के हितग्राहियों को रजिस्ट्री के लिए पत्र लिखें। जबकि एलआईजी की रजिस्ट्री के लिए हितग्राहियों को 15 जून तक पत्र जारी किए। पीएम आवास योजना में विद्युत सब स्टेशन के लिए 20 जून तक कार्य पूर्ण करें। इसके बाद निगमायुक्त ने संग्रहालय का निरीक्षण किया, उन्होंने सिटी प्लानर महेंद्र अग्रवाल को निर्देश दिए हैं कि ठेकेदार एवं कंसलटेंट से बात कर देखे कि बचे हुए पैसे से कितना कार्य किया जा सकता है, साथ ही आगे के कार्य के लिए और कितने पैसे की आवश्यकता है। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री पवन सिंघल, सिटी प्लानर महेंद्र अग्रवाल, सहायक यंत्री अमित गुप्ता, सहायक अनिल चौहान, सुबोध खरे, रामबाबू दिनकर, अभिषेक प्रसाद आदि मौजूद थे।