ग्वालियर। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ग्वालियर द्वारा नवीन टीम 2026-28 का गठन जून माह में कर लिया जायेगा। उल्लेखनीय है कि अब 16 अप्रैल को राष्ट्रीय कार्यसमिति का गठन हुआ जिसमें ग्वालियर से भूपेन्द्र जैन राष्ट्रीय संगठन मंत्री, रीना गांधी महिला विंग की राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनीं। तत्पश्चात प्रदेश एवं जिला स्तर की कमेटियों का गठन हो रहा है।
कैट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन ने बताया कि ग्वालियर में जिला संयोजक दिलीप पंजवानी जी के नेतृत्व में 19 सदस्यीय टीम गठित की गई है, जो नई टीम में कार्य करने के इच्छुक कोर सदस्यों के नाम एकत्रित करेंगे। तत्पश्चात समिति उन नामों पर विचार करेगी एवं जून माह में कोर सदस्यों की बैठक में नई टीम का गठन किया जायेगा। जैन ने बताया कि कैट का गठन राष्ट्रीय स्तर पर मिले निर्देशों के अनुसार मनोनयन द्वारा किया जाता है। ग्वालियर में 15 सदस्य ऐसे हैं जिन्होंने कैट की स्थापना की एवं 4 सदस्य जो कि बाद में शामिल किये उन्हें मिलाकर 19 सदस्यीय समिति का गठन किया गया।
अभी तक लगभग 17 नाम कमेटी को प्राप्त हुए, जबकि अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष का चयन प्रथम चरण में होगा। शेष पदाधिकारियों का चर्चा कर चयन कमेटी और अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष मिलकर करेंगे। साथ ही संभागीय टीम का गठन अगले चरण में किया जायेगा। कैट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन ने बताया कि ग्वालियर में कैट महिला विंग, कैट यूथ विंग का गठन संपन्न हो चुका है, जिसमें यूथ विंग में अंशुल गुप्ता एवं कैट महिला विंग प्रभारी निरुपमा मालपानी के नेतृत्व में दोनों इकाइयां कार्य कर रही हैं। जून माह में कैट ग्वालियर की नई टीम का गठन भी कर लिया जायेगा।