नये वाहनों को महापौर डॉ. सिकरवार ने पूजन कर दिखाई झंडी
ग्वालियर। शहर की स्ट्रीट लाइट संधारण कार्य को और अधिक सुदृण बनाने के उद्देश्य से निगम के विद्युत विभाग के बेडे में चार नई स्काई लिफ्ट एवं जनकार्य के लिए दो रोड रोलर खरीदे गए हैं, इन वाहनों को महापौर डॉ शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने पूजन कर हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
नोडल अधिकारी कार्यशाला पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि निगम के विद्युत विभाग को शहर की स्ट्रीट लाइट संधारण के कार्य में काफी परेशानियों का सामना करना पड रहा था। पर्याप्त साधन के अभाव में अधिक ऊंचाई पर लगी स्ट्रीट लाइटों का संधारण नहीं हो पा रहा था। इन समस्याओं को ध्यान में रखकर 11 मीटर ऊंचाई वाली चार स्काई लिफ्ट 01 करोड 01 लाख 32 हजार रूपये की लागत से क्रय की गई हैं। इसके साथ ही जनकार्य के कार्यों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़कों के निर्माण एवं पेच रिपेयरिंग कार्य शीघ्र हो इसके लिए 2 रोड रोलर एक बडा एवं एक छोटा लगभग 60 लाख रूपये की लागत से क्रय किए गए हैं। इस अवसर पर अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, प्रदीप तोमर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।