अपर आयुक्त ने समय सीमा में वाहनों को ठीक करने के दिए निर्देश
ग्वालियर । निगम के कचरा ट्रांसफर स्टेशन संचालन संबंधी समस्याओं के निराकरण को लेकर अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में नोडल अधिकारी कार्यशाला पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव, सभी डिपो प्रभारी एवं स्मार्ट सिटी के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने लक्ष्मीगंज, लाल टिपारा, रमौआ, जलालपुर एवं गिरवाई स्थित विभिन्न कचरा ट्रांसफर स्टेशनों पर कार्यरत मशीनरी एवं वाहनों में आ रही समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। अपर आयुक्त ने संबंधित ठेकेदारों को निर्देशित किया कि खराब वाहनों को निर्धारित समय सीमा में सुधार कर उपलब्ध करायें, अन्यथा तत्काल वैकल्पिक वाहन उपलब्ध कराए जाएं, जिससे कचरा परिवहन कार्य प्रभावित न हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी वेंडर द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जाती है तो उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्मार्ट सिटी अधिकारियों को सभी ट्रांसफर स्टेशनों पर विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश भी दिए गए।