कलेक्टर श्रीमती चौहान ने किया जनसंपर्क ग्वालियर व्हॉट्सऐप चैनल का शुभारंभ
ग्वालियर। जिलेवासियों के लिए अच्छी खबर है। अब सरकारी योजनाओं व कार्यक्रमों प्रशासनिक फैसलों, सरकारी और जनहित से जुड़ी हर अधिकारिक जानकारी सीधे आपके मोबाइल फोन पर मिलेगी। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने गुरुवार को "जनसंपर्क ग्वालियर" नाम से वॉट्सएप चैनल का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती चौहान ने जिलेवासियों, अधिकारियों और कर्मचारियों से इस चैनल से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि डिजिटल दौर में सही और विश्वसनीय जानकारी का समय पर मिलना बेहद जरूरी है। “जनसंपर्क ग्वालियर” चैनल नागरिकों तक शासन-प्रशासन की आधिकारिक सूचनाएं सीधे और त्वरित रूप से पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। कलेक्टर ने कहा कि इस चैनल पर केवल प्रमाणिक और आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी, जिससे आमजन फेक न्यूज, अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बच सकेंगे। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने और महत्वपूर्ण घोषणाओं से अपडेट रहने में भी यह चैनल उपयोगी साबित होगा।
“जनसंपर्क ग्वालियर” व्हॉट्सऐप चैनल के माध्यम से जिले व प्रदेश की प्रमुख प्रशासनिक गतिविधियां, शासन के महत्वपूर्ण निर्णय, जनकल्याणकारी योजनाएं, भर्ती संबंधी सूचनाएं, सरकार द्वारा संचालित अभियान, उपलब्धियां, अतिविशिष्ट व्यक्तियों की मौजूदगी में आयोजित शासकीय कार्यक्रमों का कव्हरेज, विकास कार्य और अन्य महत्वपूर्ण अपडेट सीधे नागरिकों के मोबाइल तक पहुंचाए जाएंगे।जनसंपर्क विभाग मध्यप्रदेश द्वारा प्रदेश के प्रत्येक जिले के लिए ऐसे आधिकारिक व्हॉट्सऐप चैनल तैयार किए गए हैं, ताकि शासन और जनता के बीच संवाद और अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बन सके।
उल्लेखनीय है कि जनसंपर्क विभाग मध्यप्रदेश पहले से एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचा रहा है। अब व्हॉट्सऐप चैनल के जुड़ने से नागरिकों को और अधिक तेज, सरल और सुविधाजनक तरीके से महत्वपूर्ण सूचनाएं प्राप्त हो सकेंगी।प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में “जनसंपर्क ग्वालियर” व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें और शासन-प्रशासन की हर महत्वपूर्ण एवं विश्वसनीय जानकारी अपने मोबाइल पर प्राप्त करें।