ग्वालियर । महापौर डॉ शोभा सिकरवार ने नगर निगम द्वारा संचालित आदर्श गौशाला में गौसेवा कार्य को और बेहतर बनाने के लिए महापौर निधि से जेसीबी मशीन दी है। महापौर ने विधिवत पूजन कर जेसीबी मशीन गौशाला को सौंपी। नगर निगम द्वारा संचालित आदर्श गौशाला में 10 हजार से अधिक गाय हैं, इन गायों को मशीनों के माध्यम से चारा डाला जाता है। चारे को मिक्स एवं खनौटे में डालने वाली मशीन में भूसा एवं हरा चारा भरने के लिए जेसीबी की आवश्यकता थी। जेसीबी के आने से गायों को चारा डालने का कार्य तेज गति से हो पाएगा। इसके साथ ही इस मशीन का उपयोग गोबर के निपटान के लिए भी किया जाएगा। इस अवसर पर ऋषभ देवानंद महाराज सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।