अग्रसेन भवन न बनने से खफा तदर्थ समिति ने बैठक बुलाई
- अब श्री अग्रवाल महासभा को जिम्मेदारी देने की तैयारी
(विनय अग्रवाल)
ग्वालियर। महाराजा अग्रसेन भवन के लिये बनाये गये श्री महाराजा अग्रसेन अग्रवाल सेवा न्यास के जिम्मेदारों द्वारा अभी तक भवन के लिये कोई कार्रवाई नहीं किये जाने के मामले उछलने के कारण अब अग्रवाल समाज के लोग भी लगातार बैचेन हो रहे हैं। श्री अग्रसेन अग्रवाल सेवा न्यास और श्री अग्रवाल महासभा द्वारा एक दूसरे पर जिम्मेदारी टालने के कारण न्यास की तदर्थ समिति सक्रिय हो गई है। 7 सदस्यीय तदर्थ समिति के एक सदस्य ने अब एक सूचना नोटिस देकर 10 मई को बैठक बुलाने को कहा हैं।
ज्ञांतव्य है कि ग्वालियर के प्रसिद्ध व्यवसायी व श्री अग्रवाल महासभा के पूर्व अध्यक्ष अशोक गोयल ने पुरासानी में अग्रसेन भवन के लिये 5 बीघा जमीन तो अपने वायदे अनुसार दे दी है और जमीन पर बाउण्ड्रीवाल भी बनवा दी है, लेकिन अग्रसेन भवन का न्यास अभी तक शुरू नहीं हुआ है। अग्रसेन भवन का काम चूंकि श्री अग्रवाल महासभा को करना है, लेकिन वर्तमान अध्यक्ष सुरेश बंसल ट्रस्ट व निर्माण के सारे अधिकार श्री अग्रवाल महासभा के लिये चाहते है। इसी कारण विगत 22 माह से यह काम शुरू नहीं हो पाया है। अब अग्रसेन भवन का निर्माण न होने से श्री महाराजा अग्रसेन सेवा न्यास की 7 सदस्यीय तदर्थ समिति के एक सदस्य रवि गुप्ता ने अब इसी कारण 10 मई को सुबह 10 बजे अपने रविनगर स्थित कार्यालय पर तदर्थ समिति की बैठक आहूत की है। उन्होंने दिये अपने सूचना नोटिस में कहा है कि न्यास का गठन हुये 22 माह हो चुके है। इस अवधि में तदर्थ समिति की कोई मीटिंग भी नहीं हो पाई हैं, जिस कारण न्यास अपने उददेश्य पूर्ति की दिशा में आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
गुप्ता ने कहा है कि इसी कारण तदर्थ समिति के अपने कुछ साथियों की सलाह पर मैं 10 मई को एक बैठक आहूत कर रहा हूं, जिससे सबकी सहमति से न्यास की भूमि को न्यास के उददेश्यों की पूर्ति के लिये श्री अग्रवाल महासभा को निर्माण हेतु सुपुर्द करने पर विचार एवं निर्णय, न्यास के बैंक अकाउंट खोलने सहित अन्य विषयों पर विचार होगा। न्यास की तदर्थ समिति की बैठक को लेकर अब श्री महाराजा अग्रसेन अग्रवाल सेवा न्यास व अग्रवाल महासभा के पदाधिकारी हैरान हैं। अब इस मामले में जल्द ही निर्माण का रास्ता भी खुल सकता है।
तदर्थ समिति में यह 7
श्री महाराजा अग्रसेन अग्रवाल सेवा न्यास की तदर्थ समिति में यह सात लोग शामिल हैं जिसमे रवि गुप्ता, मुकेश अग्रवाल ट्रेक्टर वाले, अजय बंसल, मोहन गर्ग, विष्णु जैन, सुरेश बंसल व अरविंद दूदावत एडवोकेट शामिल हैं।