खेड़ापति मंदिर के पिछले मेन गेट पर गंदगी, सीवर बह रहा
ग्वालियर। ग्वालियर का प्रसिद्ध श्री सिद्ध खेड़ापति हनुमान मंदिर के पहुंच मार्ग पर इन दिनों भक्त गंदगी और बहते सीवर से परेशान है। बहते सीवर की गंदगी से केवल वहां आने वाले श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि गांधी नगर के स्थानीय निवासी भी परेशान है।
जानकारी के मुताबिक गांधी नगर वार्ड 31, 32 में 1000 वर्ष पुराना ऐतिहासिक श्री सिद्ध खेड़ापति हनुमान मंदिर स्थित है। इस मंदिर में हनुमान जी के महंतों के अनुसार 250 वर्ष पहले हनुमान जी की मूर्ति बाल स्वरूप में स्वत प्रकट हुई है। यहां मंगलवार और शनिवार को सुबह 4 बजे से ही देर रात तक हजारों भक्त दर्शन को आते हैं। वहीं प्रतिदिन भी खेड़ापति हनुमान मंदिर में भक्तों व श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है।
मंदिर के पीछे वाले गेट पर सीवर बह रहा
श्री सिद्ध खेड़ापति हनुमान मंदिर के पीछे सी ब्लाक गांधी नगर मेन गेट पर गंदगी ही गंदगी है, यहां बहते सीवर के पानी में भक्त गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सीवर की बदबू के कारण यहां आने वाले भक्तों व रहने वालों का बुरा हाल है। इसी प्रकार गेट पर भी भारी गंदगी पड़ी है। यहां कई व्हीआईपी भी मंदिर के पीछे गेट से ही आते है, लेकिन सीवर व गंदगी के कारण उन्हें भी दिक्कत हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय का ध्यान इस आकृष्ट कराकर खेड़ापति मंदिर के पिछले गेट और सी ब्लाक से गंदगी हटाने की मांग की हैं।