गैस संकट के खिलाफ कांग्रेस का जंगी प्रदर्शन 17 को
ग्वालियर। शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस भवन पर शनिवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी की साधारण सभा की महत्वपूर्ण बैठक शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में भाजपा के राज में लगातार बढ़ रही महंगाई, घरेलू एवं कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में केंद्र सरकार द्वारा अचानक की गई भारी वृद्धि तथा गैस की किल्लत जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में भाजपा केंद्र की मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों और महंगाई के खिलाफ शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा 17 मार्च को नदी गेट से पाटनकर बाजार तक विशाल जंगी प्रदर्शन ऐतिहासिक हो इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक के अंत में कांग्रेस नेता शिवदत्त कुशवाहा एवं मनीष शर्मा की माताजी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। बैठक को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता महंगाई की मार से त्रस्त है। हर घर की रसोई पर संकट खड़ा हो गया है। घरेलू गैस सिलेंडर और व्यवसायिक गैस सिलेंडर के दामों में अचानक भारी वृद्धि कर दी गई है, जिससे गरीब, मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों की कमर टूट गई है। बैठक में प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, पूर्व अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा, दशरथ सिंह गुर्जर, अरूण केन, वीर सिंह तौमर, राजकुमार शर्मा, हमीद खां उस्मानी, उदल सिंह, जेएच जाफरी, मंगल सिंह यादव, श्रीमती मीनू परिहार, रामनरेश परमार सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित थे। बैठक का संचालन कांग्रेस नेता कुलदीप सिंह कौरव ने किया।