अजय मिश्रा
ग्वालियर। ग्वालियर की फूलबाग चौपाटी इन दिनों जहां एलीवेटेड रोड निर्माण के चलते यातायात में बडी बाधक बनी हुई है। दोपहर और शाम को उक्त रोड पर लंबा जाम लगा रहता है। वहीं ना तो प्रशासन, निगम प्रशासन और पुलिस विभाग कोई ध्यान दे रहा है और ना ही स्मार्ट सिटी के कैमरों में जाम नजर आता है। वाहन चालक कभी 15 मिनट तक कभी कभी आधा घंटा तक जाम में फंसकर परेशान होते है। चौपाटी के दुकान संचालक के कारिंदे सडक पर खडे होकर अपने यहां निकलने वालों को बुलाने के चक्कर में भी और जाम लगवाते है वह कार के सामने तक खडे हो जाते है।
इन दिनों फूलबाग चौपाटी के सामने से गुजरने वाले लोग काफी परेशान है। उनकी परेशानी की बजह एक तो एलीवेटेड रोड का निर्माण है , वहीं चौपाटी के बगल से जाने वाली सडक को दीवार खडी कर बंद कर देना है। इतना ही नहीं सडक पर खडे होने वाले हाथ ठेले भी वाहन चालकों को परेशान किये हुये है। इन सबके बाद भी ना तो प्रशासन , ना निगम प्रशासन और ना ही पुलिस विभाग लगने वाले जाम के बारे में कुछ सोच पा रहा है। जबकि प्रशासन को चाहिये था कि एलीवेटेड रोड निर्माण के चलते चौपाटी के सामने की सडक को बिलकुल खाली रखें जिससे यातायात सामान्य तरीके से गुजर सके।
वहीं पुलिस और निगम प्रशासन ने मानस भवन के पीछे खाली सडक पर भी हाथ ठेले लगवा दिये है जिससे भी जाम लगने की स्थिति में लोग उस सडक का भी इस्तेमाल जाम लगते समय नहीं कर पाते है। वहीं चौपाटी के सामने स्वर्ण रेखा पर बना पुल भी स्टेट के समय का है उसकी चैडाई भी ज्यादा नहीं होने से यातायात जाम में फंस जाता है। वहां से दोनों और ओर का यातायात भी गुजरता है लेकिन प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
उधर स्मार्ट सिटी के कैमरे भी चौपाटी पर लगने वाले जाम को नहीं देख पा रहे है। और वह देख भी लेते है तो पुलिस को अपडेट कर जाम को ठीक कराने के लिए कुछ कहते नहीं है। वहीं पुलिस कर्मी भी पास में खडे रहकर चालानी कार्रवाई करते रहते है उन्हें जाम से कोई फर्क नहीं पडता है। प्रशासन , निगम प्रशासन , पुलिस विभाग को मिलकर चौपाटी के सामने के जाम से लोगों को निजात दिलाना चाहिये। वहीं एलीवेटेड रोड के निर्माण तक चौपाटी पर विशेष ध्यान देकर जाम से मुक्त कराना चाहिये।
© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur