भीषण गर्मी में बेजुबान पशु-पक्षियों का सहारा बने गौ सेवक कल्लू महाराज

- पेड़ों के नीचे रखवाए सकोरे, पानी और दाने की व्यवस्था कर दिया मानवता का संदेश
दिनारा।भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान ने जहां इंसानों का जीवन मुश्किल कर दिया है, वहीं बेजुबान पशु-पक्षी भी पानी और भोजन के अभाव में तड़प रहे हैं। ऐसे कठिन समय में गौ सेवक कल्लू महाराज ने मानवता और जीव सेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए पशु-पक्षियों के लिए पानी और भोजन की विशेष व्यवस्था शुरू की है।
गौ सेवक कल्लू महाराज द्वारा दिनारा क्षेत्र में पेड़ों के नीचे सकोरे रखवाकर उनमें स्वच्छ पानी भरवाया गया, ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों और बेजुबान जीवों की प्यास बुझ सके। साथ ही कई स्थानों पर पक्षियों के लिए दाने और भोजन की व्यवस्था भी की गई। उनके इस सराहनीय कार्य की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है। कल्लू महाराज ने कहा कि बढ़ते तापमान का सबसे ज्यादा असर उन बेजुबान जीवों पर पड़ता है* जो अपनी पीड़ा किसी से कह नहीं सकते। उन्होंने कहा कि “हम पशु-पक्षियों को भूख और प्यास से तड़पता नहीं देख सकते। हर इंसान का कर्तव्य है कि वह अपने घर, मोहल्ले और गांव में पानी के सकोरे रखे और जीव-जंतुओं के लिए भोजन की व्यवस्था करे।” उन्होंने सभी भारतवासियों से अपील करते हुए कहा कि “पशु-पक्षी बचाओ अभियान” चलाया जाए*। गांव-गांव और शहर-शहर में गौ माता, पशु-पक्षियों और अन्य जीवों के लिए पानी की टंकियां, सकोरे और दाने की व्यवस्था की जाए, ताकि कोई भी बेजुबान जीव प्यासा न रहे।
गौ सेवक कल्लू महाराज ने यह भी कहा कि जीव सेवा ही सच्चा धर्म है। उन्होंने कहा, “माता-पिता की सेवा, गौ सेवा, पशु-पक्षियों और जीव-जंतुओं की रक्षा करना ही सबसे बड़ा यज्ञ और पुण्य है*। यदि हम जीवों की रक्षा नहीं कर सकते तो दिखावे का धर्म करने का कोई अर्थ नहीं है।” उन्होंने समाज को संदेश देते हुए कहा कि मानव कल्याण के साथ-साथ विश्व कल्याण और पर्यावरण संरक्षण भी हम सभी की जिम्मेदारी है। उनके अनुसार पुण्य वही है जो किसी जीव के काम आए और किसी की पीड़ा कम करे। बताया गया है कि दिनारा स्थित अशोक होटल निजी गौशाला में भी पशु-पक्षियों के लिए सकोरे रखवाने की पहल की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक बेजुबान जीवों को राहत मिल सके।
गौरतलब है कि इन दिनों क्षेत्र में तापमान लगातार बढ़ रहा है और जलस्रोत सूखने लगे हैं। ऐसे समय में गौ सेवक कल्लू महाराज की यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक बन रही है। लोगों का कहना है कि यदि हर व्यक्ति अपने आसपास पशु-पक्षियों के लिए पानी और भोजन की व्यवस्था करे, तो हजारों बेजुबान जीवों की जान बचाई जा सकती है। गौ सेवक कल्लू महाराज की यह सेवा भावना न केवल मानवता का संदेश दे रही है, बल्कि समाज को जीवों के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा भी दे रही है।

posted by Admin
15

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->