ऊर्जा मंत्री तोमर ने क्षेत्र में भ्रमण कर आमजनों से की चर्चा
ग्वालियर । जनता के बीच पहुँचकर उनकी समस्याओं को सुनने और मौके पर ही समाधान निकालने के अपने चिर-परिचित अंदाज में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उपनगर ग्वालियर के वार्ड क्रमांक-7 बृजमोहन तेल मिल वाली गली, इंद्रा नगर, खरगेश्वर मंदिर वाली रोड आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर नागरिकों से संवाद किया और क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने क्षेत्र में भ्रमण कर सड़क, सीवर और विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा सीवर लाइनों की सफाई और चोक हो रही पाइपलाइनों को तत्काल साफ करें। इसके साथ ही सड़कों की पेच रिपेयरिंग का कार्य भी तेजी के साथ किया जाए। ऊर्जा मंत्री तोमर ने इंद्रा नगर में क्षेत्र भ्रमण के दौरान बुजुर्ग माता सावित्री प्रजापति के घर पहुंचे और जमीन पर बैठकर उनकी समस्या सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को समस्या के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। इसके बाद बुजर्ग माता सावित्री प्रजापति से भोजन मांगकर जमीन पर बैठकर भोजन किया। निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री के साथ अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, संबंधित क्षेत्र के एसडीएम, नगर निगम के अधिकारी और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।