खुले चेंबर में गिरने से मजदूर युवक की मौत
ग्वालियर। शहर में खुले पड़े सीवर चेंबर एक युवक की मौत का कारण बन गया। खुले पड़े सीवर चेंबर में गिरने से युवक की मौत हो गई। घटना गणेश कॉलोनी ओफो की बगिया की है। शुक्रवार की शाम स्थानीय लोगों ने युवक को चेंबर से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपनी मां से खाना बनाने की कहकर निकला था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। हादसे का पता चलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गणेश कालोनी में रहने वाले सौरभ बाथम की सीवर के चेंबर में गिरने से मौत हो गई। सौरभ के बारे में बताया गया है कि वह मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी था। शुक्रवार को नशे की हालत में होने के कारण वह एक खुले चेंबर में गिर गया। लेकिन किसी का ध्यान उस पर नहीं गया। शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने जब सौरभ को चेंबर में पड़ा देखा तो उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिये भिजवाकर जांच शुरू की तो मृतक के पड़ोसी विक्रम पाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि चेंबर में कोई गिर गया है और जब हमने चेंबर में जाकर देखा तो सौरभ चेंबर में पड़ा हुआ था। चेंबर में इतनी गैस बन रही थी कि सौरभ को निकालने के लिए गए तीन लड़के भी उसे नहीं निकाल पाए। जैसे तैसे करके पैर बांधकर उसे बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। वहीं मृतक के रिश्तेदार सोनू ने बताया कि उन्हें फोन आया था की सौरभ चेंबर में गिर गया है। मैं कोलायत में रहता हूं तो पहुंचा तब तक सौरभ की मौत हो चुकी है। वह अपनी मां से कहकर निकला था कि तुम रायता बना लो, मैं लौट कर खाना खाऊंगा।
इस मामले में थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सीवर के चेंबर में गिर गया है मौके पर पहुंचकर युवक को बाहर निकलवाया जिसकी पहचान सौरभ बाथम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह से ही अपने किसी रिश्तेदार के साथ शराब पी रहा था। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं, ताकि पता चल सके कि आखिर वह चेंबर में कैसे गिरा?