गर्मी को ध्यान में रखकर 20 अप्रैल से स्कूलों के समय में परिवर्तन
ग्वालियर। बढ़ते हुए तापमान एवं गर्मी के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुविधा, सुरक्षा एवं आवागमन को ध्यान में रखकर ग्वालियर जिले में संचालित सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया गया है। स्कूलों के समय में बदलाव संबंधी यह आदेश 20 अप्रैल से आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा।
कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी हरिओम चतुर्वेदी द्वारा इस आशय का आदेश जारी किया गया है। इस आदेश के अनुसार जिले में संचालित एमपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई एवं शासन द्वारा मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों में प्री-प्राइमरी कक्षाएँ विद्यालय अपनी सुविधा अनुसार अधिकतम दोपहर 12 बजे तक लगा सकेंगे। इसी प्रकार कक्षा 1 से 12वीं तक की कक्षाएँ प्रातः 7:30 बजे से अधिकतम दोपहर 12 बजे तक ही संचालित की जा सकेंगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि शासन द्वारा पूर्व से निर्धारित परीक्षाएँ एवं अन्य आवश्यक कार्यक्रम पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार यथावत संचालित होते रहेंगे।