प्रशांत मेहता अब जीडीसीए अध्यक्ष नहीं होंगे, महाआर्यमन ने पूरी कमेटी बदली
- जीडीसीए के कर्मवीर मेहता रो पड़े
ग्वालियर। लगभग 32 वर्ष ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन जीडीसीए के प्रमुख रहे और ग्वालियर में क्रिकेट प्रेमियों के हर दिल अजीज रहे प्रशांत मेहता अब जीडीसीए के अध्यक्ष नहीं रहेंगे। गुरूवार को अचानक कै. रूप सिंह स्टेडियम पर आहुत की गई बैठक में महाआर्यमन सिंधिया ने अध्यक्ष प्रशांत मेहता सहित सचिव संजय आहूजा व अन्य सभी पदाधिकारियों को बदल दिया। प्रशांत मेहता की जगह महाआर्यमन सिंधिया ने संग्राम सिंह कदम को नया अध्यक्ष बनवाया है। नये सचिव विजय प्रकाश शर्मा बेटू होंगे।
जीडीसीए से पदमुक्त किये गये अध्यक्ष प्रशांत मेहता के बारे में बता दे कि प्रशांत मेहता मप्र के चीफ सेकेटरी स्तर के भाप्रसे के अधिकारी रहे हैं। इसी कारण उन्होंने तत्कालीन केन्द्रीय मंत्री स्व. माधवराव सिंधिया से जुड़कर ग्वालियर में क्रिकेट को शीर्ष स्तर तक पहुंचाया। उन्होंने हर क्रिकेट मैच चाहे वनडे हो, दिलीप ट्राफी, रणजी ट्राफी हो हर आयोजन में अपनी संपूर्ण प्रतिष्ठा दांव पर लगाई और हर मैच को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। वह स्व. सिंधिया से लेकर उनके पुत्र केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भी भरोसेमंद रहे। लेकिन अब नई पीढ़ी के महाआर्यमन सिंधिया के आने के बाद वह असहज महसूस कर रहे थे, लेकिन पूर्ण सम्पर्ण भाव से जीडीसीए से जुड़े रहे और क्रिकेट को अपना सर्वश्रेष्ठ दिया भी।
गुरूवार को अचानक पदमुक्ति करा दिये जाने से वह असहज दिखे, उनकी आंखें भी झलक उठी। वह केन्द्रीय मंत्री सिंधिया से लेकर जीडीसीए व खेल के प्रति पूर्ण समर्पित रहे। उनके साथ ही उनके साथी सचिव रहे संजय आहूजा की जगह विजय प्रकाश शर्मा बेटू को सचिव बनाया गया है। हालांकि प्रशांत मेहता एमपीएल के चेयरमैन बने रहेंगे। वैसे जीडीसीए में अचानक गुरूवार को बदले घटनाक्रम से प्रशांत मेहता और उनकी टीम से जुड़े क्रिकेट प्रेमी हताश भी दिखे। प्रशांत मेहता ने जीडीसीए को देशभर में एक नई पहचान और मुकाम दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।
नई टीम में संग्राम बने अध्यक्ष
ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन की गुरूवार को एक महत्वपूर्ण बैठक कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में एमपीसीए के अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में अध्यक्ष प्रशांत मेहता के स्थान पर संग्राम सिंह कदम को नया अध्यक्ष बनाया गया है। नई टीम में उपाध्यक्ष निर्भय बाकलीवाल, सचिव विजय प्रकाश शर्मा बेटू, संयुक्त सचिव संजय सांखला शिवपुरी, कोषाध्यक्ष विकास गंगवाल को बनाया गया है। सात कार्यकारणी सदस्य बनाए गए हैं।