वरिष्ठ नेता प्रभात झा के निधन पर मंत्री, महापौर, सभापति ने दी श्रद्धांजलि

ग्वालियर। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रभात झा का शुक्रवार की सुबह दिल्ली में निधन हो गया। 67 वर्षीय प्रभात झा पिछले कुछ दिनों से गंभीर रुप से अस्वस्थ थे। कुछ दिन पहले ही उन्हें भोपाल से एयरलिफ्ट कर दिल्ली ले जाया गया था। उनका अंतिम संस्कार बिहार के मधुबनी जिले के कुरमाई गांव में आज शनिवार को किया जाएगा। 
दिल्ली के अस्पताल में शुक्रवार की सुबह पांच बजे भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रभात झा ने अंतिम सांस ली। प्रभात झा का स्वास्थ्य बिगडने पर उन्हें भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। जब उनकी हालत बिगड़ी तो उन्हें दिल्ली ले जाया गया। यहां उनका उपचार चल रहा था। आज तड़के पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रभात झा के निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त की है। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण तथा उद्यनिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रभात झा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि श्री प्रभात झा का निधन संगठन एवं समाज के साथ ही पत्रकार जगत के लिये अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने कहा कि श्री झा ने पत्रकारिता के क्षेत्र से सार्वजनिक जीवन प्रारंभ कर आजीवन पार्टी और समाज की सेवा के लिए कार्य किया। मंत्री श्री कुशवाह ने श्री प्रभात झा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने व परिजनों और समर्थकों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। इसी प्रकार ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने पूर्व राज्यसभा सदस्य और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं कर्मठ नेता श्री प्रभात झा के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके निधन को बड़ा आघात बताया है। मंत्री श्री तोमर ने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिवार को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मंत्री श्री तोमर ने कहा है कि स्वर्गीय झा प्रखर पत्रकार, लेखक और अध्ययनशील व्यक्तित्वय के धनी थे। उन्होंने कहा कि उनका जाना हम सबके लिए अपूरणीय क्षति है।
 
महापौर, सभापति ने भी शोक संवेदना व्यक्त की  
मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रभात झा के निधन होने पर महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने शोक व्यक्त कर उन्हें याद करते हुए कहा कि वह बिहार के जरुर थे, लेकिन उनकी कर्मभूमि ग्वालियर ही रही है। ग्वालियर में शोक की लहर है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पत्रकार प्रभात झा के निधन पर सभापति मनोज सिंह तोमर ने गहन शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में सभापति तोमर ने कहा कि उन्होंने जनता के हित के लिये सदैव कार्य किया। उनका जाना पार्टी के लिए क्षति है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति दें। 

posted by Admin
139

Advertisement

sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

00000-00000

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Ankit Singhal

!-- Google Analytics snippet added by Site Kit -->