बसने से पहले दम तोड़ गया थाटीपुर सिटी का सपना
- पुनर्घनत्वीकरण योजना से थाटीपुर कालोनी हुई उजाड़
(संजय तोमर)
ग्वालियर| ऊंचे-ऊंचे मिट्टी के ढेर, नालियां चोक, जंगली झाडियां और बेतरतीब तरीके से फैल रही पेड़ों की शाखाएं ये है सौ वर्ष पुरानी थाटीपुर कालोनी की पहचान। इस कालोनी में शासन की ओर से थाटीपुर पुनर्घनत्वीकरण योजना से नए निर्माण किए जा रहे हैं। नई सिटी का ख्वाब दिखाया जा रहा है लेकिन सभी निर्माण अधर में है। बीते कई महीनों से यहां चल रहे निर्माण बंद पड़े हैं। इस वजह से थाटीपुर कालोनी के एक बड़े हिस्से में रह रहे शासकीय कर्मियों का जीना मुश्किल हो रहा है। यहां से गुजरते समय ऐसा लगता नहीं कि यह नगर निगम सीमा क्षेत्र में बसी वर्षो पुरानी कालोनी है। इसकी हालत इसकदर खराब है कि यहां शहर की बस्तियों से भी बुरी स्थिति है। रात में न तो प्रकाश की व्यवस्था है न ही नालियों की साफ-सफाई। सीवरलाइन ओवरफ्लो हो रहे हैं।
हाउसिंग बोर्ड की पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत थाटीपुर क्षेत्र के विशाल भूभाग पर विशाल मेगा सिटी बनाने का प्लान तैयार है। इसमें व्यावसायिक मार्केट, ऊंची-ऊंची बहुमंजिला बिल्डिंग और सुव्यवस्थित सड़कें बनाया जाना है किंतु देखने में आ रहा है कि इस पूरे क्षेत्र में कई माह से निर्माण कार्य लंबे समय से ठप पड़ा है। पूरे क्षेत्र में अंधकार पसरा हुआ है। नालियों में गंदगी ऊपर तक आ चुकी है। बड़े पेड़ बेतरतीब तरीके से फैल चुके हैं। यहां रह रहे लोग किसी से शिकायत करने की स्थिति में भी नहीं है। इसकी वजह पूरी कालोनी का नए सिरे से निर्माण होना है।
यह हो चुके है निर्माण
थाटीपुर क्षेत्र की इस कालोनी में फिलहाल सरकारी कर्मियों के आवास तो बन चुके हैं। कार्यालय भवनों को भी तैयार कर लिया गया है। ऊंची-ऊंची पानी की टंकी बना दी गई है। सड़क भी बना दी गई है। रामकृष्ण आश्रम के सामने वाले इलाके में पुराने मकान तोड़कर मैदान साफ कर दिया गया है मगर अब तक यहां 22 मंजिला भवन का निर्माण नहीं हो सका है। इसी तरह मुख्य मार्ग पर बसे सी व बी ब्लाक के पुराने आवास तो गिरा दिए गए है मगर अब तक यहां निर्माण शुरू नहीं हो सके हैं।
इसलिए रुका निर्माण
बताया जा रहा है कि हाउसिंग बोर्ड अधिकारियों की कारगुजारियों के चलते यह निर्माण कार्य शासन के आदेश से पिछले कुछ माह से रुका हुआ है। इसकी अधिकारी भी स्पष्ट तौर पर जानकारी देने से बच रहे हैं। हाउसिंग बोर्ड के ईई राजेंद्र तिवारी ने कहा कि कालोनी के निर्माण कार्य फिलहाल बंद पड़े हैं। नगर निगम से स्वीकृति लेने के बाद इन्हें शुरू किया जाएगा।