दीपावली से पहले घरों में बिजली गुल, पानी न मिलने से दिनचर्या प्रभावित
ग्वालियर| दीपावली नजदीक है ऐसे में शहर के कई इलाके अघोषित व घोषित बिजली संकट से जूझ रहे हैं। आलम ये है कि शहर के मुख्य इलाकों में सुबह के समय बिजली गुल रहने से दिनभर की दिनचर्या खराब हो रही है। इनदिनों हर घर में रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। ऐसे में बिजली का संकट मुश्किलें बढ़ा रहा है।
गुरुवार को भी शहर के कई इलाके बिजली संकट से जूझते रहे। थाटीपुर क्षेत्र के सारिका नगर, यमुना नगर, चाणक्यपुरी, कृष्णानगर जैसे इलाकों में सुबह तीन घंटे तक बिजली गुल रही। इससे सुबह के समय पानी न मिल पाने से लोग परेशान दिखे। बिजली का संकट अगले तीन दिन और रह सकता है। बिजली कंपनी के सुबह के वक्त आ रहे संदेश लोगों की दिन भर की प्लानिंग को ध्वस्त कर रहे हैं। दरअसल शहर के अन्य इलाके भी इनदिनों बिजली संकट से जूझ रहे हैं। पूरे शहर के इलाकों में नियमित रूप से बिजली गुल है। इससे घरों में सफाई का कार्य बाधित हो रहा है।
त्योहार से पूर्व बिजली कंपनी की ओर से हो रही कटौती से जहां सुबह स्कूलों में पढ़ाई व्यवस्था ठप कर दी है वहीं कुछ कार्यालयों में होने वाले पब्लिक डीलिंग के काम में व्यवधान पैदा कर दिया है। बिजली संकट ने कारोबार को भी प्रभावित कर दिया है। इससे कई डेयरियों व खान-पान के प्रतिष्ठानों पर कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।