शीतला मंदिर दुर्घटना में मृतकों के एक-एक परिजनों को मिलेगी निगम में आउटसोर्सिंग पर नौकरी
ग्वालियर। नगर निगम परिषद के विशेष अभ्याचित सम्मेलन का आयोजन निगम अध्यक्ष मनोज सिंह तोमर की अध्यक्षता में परिषद कार्यालय में किया गया।
बैठक के प्रारंभ में सांसद भारत सिंह कुशवाह के सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश जाजौरिया को नियुक्त किए जाने की जानकारी सदन को दी गई। इसके पश्चात नेता प्रतिपक्ष हरिपाल, मेयर-इन-काउंसिल सदस्य अवधेश कौरव, उपनेता सत्तापक्ष मंगल यादव एवं पार्षद मनोज राजपूत द्वारा शीतला माता मंदिर में नवरात्रि मेले के दौरान हुई दुर्घटना में कई लोगों की आकस्मिक मृत्यु पर शोक प्रस्ताव रखा गया।
शोक प्रस्ताव पर चर्चा उपरांत निगम अध्यक्ष मनोज तोमर ने सभी सदस्यों की सहमति से निर्णय सुनाया कि दुर्घटना में जिन परिवारों के सदस्यों का आकस्मिक निधन हुआ है उन सभी परिवारों के एक सदस्य को नगर निगम में आउटसोर्सिंग पर नौकरी पर रखा जावे। साथ ही और जो भी मदद संभव हो, उन परिवारों की, की जावे। निर्णय उपरांत सदन में उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। परिषद की बैठक 23 अक्टूबर तक के लिये स्थगित की गई।