‘संगठित होकर करें देश विरोधी शक्तियों का सामना’ -हजारों स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ निकाला पथ संचलन, किया शस्त्र पूजन


ग्वालियर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना शताब्दी वर्ष के समापन पर विजयादशमी का पर्व उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। 100 से अधिक स्थानों से हजारों गणवेशधारी स्वयंसेवक घोष की ध्वनि की लय पर कदमताल करते हुए पथ संचलन में शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न मार्गों पर खड़े लोगों ने भारत माता के जयकारों और पुष्पवर्षा से स्वयंसेवकों का स्वागत किया। कई जगह शस्त्र पूजन भी किया गया। 
संघ के ग्वालियर विभाग में मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में वक्ताओं ने संघ के इतिहास और उसके संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव है। उन्होंने कहा कि हिरण्य कश्यप, रावण और कंस जैसी आसुरी शक्तियां हर युग में सक्रिय रही हैं। आज भी आसुरी शक्तियां सक्रिय हैं। संगठन की शक्ति से ही आसुरी और देश विरोधी शक्तियों पर विजय प्राप्त की जा सकती है। सभी लोग जागरूक होकर समाज और देशहित में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि पंच परिवर्तन (सामाजिक समरसता, पर्यावरण, स्व का भाव, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य पालन का बोध) के माध्यम से ही भारत सशक्त होगा। मुरार क्षेत्र की 11 बस्तियों के पथ संचलन का एकत्रीकरण मदन मोहन मंदिर परिसर में हुआ। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य भारत प्रांत के सह संपर्क प्रमुख नवल शुक्ला ने कुटुंब प्रबोधन पर जोर देते हुए कहा कि हमें अपने बच्चों को संस्कार देने की जरूरत है। हमें भगवान श्रीराम के आदर्श अपनाना चाहिए।  महलगांव बस्ती का पथ संचलन शुगन वाटिका से शुरू हुआ। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग के सह संघचालक रवि अग्रवाल ने कहा कि भारत उत्सव धर्मी देश है। उत्सव से उत्साह का वातावरण बनता है। उन्होंने कहा कि संघ आज 101 वर्ष का हो गया है। ग्वालियर विभाग में 300 से ज्यादा शाखाएं लगती हैं। हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि शाखा की पद्धति व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की है। यही शाखा आज समाज परिवर्तन का केंद्र बन रही है। हमें राष्ट्र का चिंतन और कार्य रोज ध्येयनिष्ठ होकर करना है, तभी देश का समग्र विकास होगा।   
बॉक्स
25 अक्टूबर तक निकलेंगे पथ संचलन 
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग में शताब्दी वर्ष के समापन पर 25 अक्टूबर तक पथ संचलनों का आयोजन किया जाएगा। बुधवार 21 अक्टूबर को
डबरा जिले के मोहनगढ़ में प्रात: 10 बजे माता मंदिर से, बिलौआ में प्रात: 9 बजे मंदिर से, लदवाया में प्रात: 9 बजे एपेक्स स्कूल से, जौरासी में प्रात: 9 बजे माता मंदिर से, शुक्लहारी बस्ती का पथ संचलन सायं 4 बजे अस्पताल के पास से निकलेगा। इस दौरान विभिन्न बस्तियों में शस्त्र पूजन भी किए जाएंगे।

posted by Admin
29

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->