डीआरपी लाइन में विजयादशमी पर विधानसभा अध्यक्ष तोमर के मुख्य आतिथ्य में होगा शस्त्र पूजन कार्यक्रम
ग्वालियर। शस्त्र पूजन भारतीय सेना के पराक्रम, सुरक्षा और स्वतंत्रता के सम्मान का भी प्रतीक है। विजयादशमी के पावन पर्व पर सम्पूर्ण प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित होगा। यह आयोजन विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में प्रातः 11 बजे डीआरपी लाइन परिसर में आयोजित होगा। आयोजन में जनप्रतिनिधिगणों सहित कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह शामिल होंगे।
विजयादशमी का पर्व सत्य की असत्य पर विजय और शक्ति के अन्याय के विरुद्ध खड़े होने के संकल्प की सार्थकता का प्रतीक है। भारतीय सनातन संस्कृति में शस्त्र-पूजन की परंपरा शक्ति के विवेकपूर्ण उपयोग, निर्बलों की रक्षा, धर्म एवं न्याय की स्थापना और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति कर्त्तव्यबोध का संदेश देती है। इसी सांस्कृतिक परंपरा और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सम्मान की भावना को व्यापक रूप से अभिव्यक्त करने के उद्देश्य से राज्य शासन ने प्रदेश में विजयादशमी पर शस्त्र-पूजन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर में शस्त्र पूजन करेंगे। इसके लिये राज्य शासन द्वारा जिलेवार वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगणों एवं मंत्रिगणों को मुख्य अतिथि बनाया गया है। ग्वालियर में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर को शस्त्र पूजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।