विजयदशमी मंगलवार को: निकलेगा जुलूस और होगा रावण दहन
- फूलबाग पर रावण दहन देखने आने वालों के लिए अलग पार्किंग
ग्वालियर। ग्वालियर में विजयदशमी की तैयारियां शुरू हो गई है। मंगलवार को दशहरा धूमधाम से मनाया जायेगा। श्रीरामलीला समारोह समिति द्वारा परंपरागत रूप से दशहरा चल समारोह आकर्षण झांकियों व बैंडबाजों के साथ निकाला जायेगा। चल समारोह में झांकिया आकर्षण का केंद्र रहेंगी। चल समारोह विभिन्न मार्गों से फूलबाग स्थित श्रीरामलीला मैदान पहुंचेगा। जहां 60 फीट ऊंचे रावण व 50-50 फीट के ऊंचे कुंभकरण व रावण के मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। इसके साथ ही दीनदयाल नगर, शताब्दीपुरम व थाटीपुर मैदान में पुतलों का दहन होगा।
दशहरा पर्व पर निकलने वाले जुलूस और फूलबाग मैदान में होने वाले रावण दहन को देखते हुए यातायात पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। जुलूस के दौरान अचलेश्वर चौराहा, नदीगेट, राजपायगा, हुजरात पुल, पाटनकर चौराहा, स्काउट गेट, रॉक्सी पुल और नौगजा सहित कई स्थानों पर यातायात डायवर्ट रहेगा। ऐसे में वाहन चालकों को परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा। दशहरा जुलूस अचलेश्वर मंदिर से शुरू होकर दाल बाजार, लोहिया बाजार, ऊंट पुल, पाटनकर चौराहा, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, गश्त का ताजिया, राम मंदिर, छप्परवाला पुल, शिंदे की छावनी और गुरुद्वारा होते हुए फूलबाग पहुंचेगा। जुलूस के गुजरने के दौरान संबंधित मार्गों पर यातायात नियंत्रित और डायवर्ट किया जाएगा।
चल समारोह संयोजक रामनारायण मिश्रा एवं संजय कट्ठल ने संयुक्त रूप से बताया कि इस चल समारोह में मुख्य आकर्षण का केंद्र सबसे पहले श्री रामलीला चल समारोह का भव्य द्वार रहेगा। उसके पश्चात चार घोड़ों पर अलग-अलग स्वरूपों में पात्र, धमाल ढोल पार्टी, इत्र वर्षा, बाहुबली हनुमान, बाहुबली नृसिंह भगवान, विशाल नंदी एवं उस पर विराजमान भगवान शंकर-पार्वती, सुरसा हनुमान जी झांकी, अघोरी बाबा की टोली, जो पूरे रास्ते अपने रंग में रंगी नजर आएगी, राम रथ, रावण रथ, शबरी झांकी, हनुमान जी एवं राम भगवान की झांकी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। अंत में भगवान का रथ रहेगा जो सबसे विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। इस झांकी में 150 लाइटें पूरे रास्ते रोशनी बिखेरेंगी एवं 150 बैंड वादकों की मधुर धुन लोगों को मंत्रमुग्ध करेगी।
थाटीपुर के दशहरा मैदान में होगा 55 फुट के रावण के पुतले का दहन
दशहरा उत्सव एवं सांस्कृतिक समिति थाटीपुर द्वारा दशहरा को शाम साढ़े आठ बजे रावण, कुंभकरण, मेघनाद के पुतलों का दहन किया जायेगा। इस वर्ष रावण के पुतले की ऊंचाई 55 फुट एवं कुंभकरण तथा मेघनाथ के पुतले की ऊंचाई 50 फुट रखी गई है। समिति के संरक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर (रामू) ने बताया कि यह परंपरा 72 वर्षों से लगातार चली आ रही है। इसी के साथ-साथ भव्य आतिशबाजी का प्रदर्शन भी होगा।
क्षत्रिय निकालेंगे श्रीराम की शोभायात्रा
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में 20 अक्टूबर विजय दशमी के अक्सर पर शमी-शस्त्र पूजन का आयोजन प्रताप पार्क, शताब्दीपुरम, कुंज विहार,फेज-दो पर किया जायेगा। कार्यक्रम में विधानसभाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर तथा अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजी. राजेंद्र सिंह भदौरिया मौजूद रहेंगे। क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष बृजपाल सिंह तोमर ने बताया विजय दशमी के पावन अवसर पर भगवान श्रीराम की शोभायात्रा बड़ी धूम धाम से चल समारोह के रूप में निकलेगी। चल समारोह को सुबह 12 बजे ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर किलागेट बादलगढ से हरी झण्डी दिखाकर आरंभ करेंगे।