ग्वालियर। विजयाराजे शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुरार में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान-2026 का समापन हुआ। प्राचार्य डॉ. एस.के. श्रीवास्तव के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में 17 सितंबर से संचालित इस अभियान के तहत छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता और समाजसेवा का संदेश दिया।
उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित अभियान में ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत चित्रकला प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा’ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक तथा ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत स्थानीय आंगनबाड़ियों में पोषण आहार एवं पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। वहीं, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा मानव रंगोली से तिरंगे की आकृति बनाई गई। समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. एस.के. श्रीवास्तव ने छात्राओं को अभियान की गतिविधियों का महत्व बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करते हैं। डॉ. साधना तोमर, डॉ. रतन सिन्हा एवं डॉ. शर्मिला जैन ने अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी।
इस अवसर पर डॉ. राजीव सिंह चौहान, डॉ. रजनी मिश्रा, डॉ. दीपा वर्मा, डॉ. राजवीर सिंह किरार, डॉ. बलबीर सिंह गुर्जर, डॉ. पवन बरेलिया, डॉ. अर्चना शर्मा, डॉ. अंजू गुप्ता, डॉ. केशव देव सुनेरिया सहित 150 से अधिक छात्राएं एवं महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।