ग्वालियर। विगत 02 दिनों से जीयाजी चौक, बाड़ा पर 2 पहियाँ एवं 4 पहियाँ वाहनों के आवागमन को रोककर अन्य मार्ग से ट्रेफिक को डायबर्ट किए जाने पर "म. प्र. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री, ग्वालियर" द्वारा जिलाधीश, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर मध्य व ट्रेफिक को पत्र प्रेषित कर, बाड़ा क्षेत्र में लाइट मोटर वाहनों का संचालन यथावत बनाए रखने की माँग की गई है ।
अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष-सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष-संदीप नारायण अग्रवाल, मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव-दीपक पमनानी एवं कोषाध्यक्ष-मनोज अग्रवाल ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा है कि ट्रेफिक पुलिस की यह व्यवस्था संभवतः ‘बाड़ा’ पर ट्रेफिक व्यवस्था के सुगम संचालन को ध्यान में रखकर की गई प्रतीत होती है, परन्तु इसका दूसरा पक्ष यह भी है कि गत् दो दिन से बाड़ा सहित इसके आसपास संचालित मार्केट के कारोबार पर प्रतिकूल असर देखने को मिला है । पदाधिकारियों ने कहा है कि ग्राहक अपने वाहन से बाड़ा अथवा सराफा नहीं आ पाने से दुकानों पर ग्राहकी अपेक्षाकृत कम हुई है, जबकि त्यौहारों के अवसर पर बाड़ा क्षेत्र कारोबार की दृष्टि से ग्वालियर का केन्द्र बिन्दु होता है । इसलिए कारोबारियों की व्यवसायिक समस्या को ध्यान में रखकर, यह आवश्यक है कि हल्के वाहनों को दिन के समय बाड़ा पर आने से न रोका जाए और यातायात सुचारू रूप से संचालित बना रहे । इस हेतु पर्याप्त पुलिस बल की उचित व्यवस्था की जाए, जिससे ग्राहकों को बाड़ा पर आने में कोई परेशानी न हो और दुकानदारों के व्यवसाय पर भी प्रतिकूल असर नहीं पड़े ।
इसी के साथ MPCCI ने माँग की है कि शहर के हृदय स्थल जीयाजी चौक ‘बाड़ा’ पर वाहनों के आवागमन को पूर्णतः बंद नहीं किया जाए, अपितु ट्रेफिक के सुगम संचालन हेतु अधिक संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि व्यवसाईयों का कारोबार सुचारू रूप से संचालित बना रहे । साथ ही :-
* रॉक्सी पुल, दौलतगंज आदि प्रमुख मार्गों से बाड़ा एवं सराफा बाजार की ओर आने वाली कारों तथा ऑटो, ई-रिक्शा का आवागमन किसी भी स्थिति में बाधित न किया जाए ।
* बाड़ा के मुख्य गोलंबर के चारों ओर, नजरबाग मार्केट तथा सुभाष मार्केट की ओर जाने वाले रास्तों को किसी भी प्रकार के अस्थायी अतिक्रमण से मुक्त रखा जाए, ताकि पैदल यात्रियों का आवागमन सुचारू रहे ।
* बाड़ा स्थित मुख्य पोस्ट ऑफिस के आगे बने लगभग 20 फीट चौड़े फुटपाथ को घटाकर 4 फीट किया जाए । पोस्ट ऑफिस के इसी हिस्से में मुख्य रूप से ट्रेफिक जाम की स्थिति निर्मित होती है ।