- 51 कन्याओं के पूजन से हुआ कार्यकर्ता सम्मेलन का शुभारंभ
ग्वालियर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि आज लोकतंत्र और संविधान खतरे में है, चौकीदार ही वोट चोर और अयोध्या में चढावा चोरी का काम करवा रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस के सिपाहियों का दायित्व बन जाता है कि वह देश की एकता और अखण्डता के लिये, संविधान की रक्षा के लिये और लोकतंत्र बचाने के लिये राहुल गांधी के हाथ मजबूत करें। श्री पटवारी आज यहां रंगमहल गार्डन में ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि की आसंदी से बोल रहे थे। इस मौके पर राज्यसभा सासंद अशोक सिंह, महापौर डाॅ. शोभा सिकरवार, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, बालेन्दु शुक्ला, भगवान सिंह यादव, विधायक साहब सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक प्रवीण पाठक, सत्यपाल सिंह सिकरवार ‘नीटू’, कांग्रेस महासचिव सुनील शर्मा आदि मंचासीन थे। स्वागत भाषण कार्यक्रम संयोजक एवं विधायक डाॅ. सतीश सिकरवार ने दिया और अतिथियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। इससे पहले अतिथियों ने 51 कन्याओं का पूजन कर आर्शीवाद लिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यक्रम में कन्या पूजन की सराहना करते हुये हजारों की संख्या में उपस्थित महिलाओं के चरण वंदन करते हुये कहा कि मां की आराधना का दिन है, इतनी बड़ी संख्या में आप लोग यहां उपस्थित है। जो इस बात का सूचक है कि विधायक डाॅ. सतीश सिकरवार का सतत् संपर्क आप लोगों से रहता है। उन्होंने देश में बढती महगांई और चुनाव की बिगडती प्रणाली पर प्रहार करते हुये कहा कि सरकार के संरक्षण में चुनाव आयोग का एक व्यक्ति वोट चोरी कर भाजपा को सत्ता दिलाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र को बचाने के लिये कांग्रेस पार्टी के हर कार्यकर्ता को सड़क पर संघर्ष करने के लिये आगे आना होगा। उन्होंने बताया कि 25-26 नबंबर को लाखों कार्यकर्ता दिल्ली जायेंगे और वोट चोरी को लेकर संघर्ष कर रहे राहुल गांधी का साथ देगें। साथ ही 1 नबबंर को भी दिल्ली में एक बड़ी रैली है, जिसमें ग्वालियर-चंबल संभाग के लाखों कार्यकर्ता जायेंगे। उन्होंने कहा कि जल्दी ही ढेड़ माह का कांग्रेस पार्टी बूथ स्तर का कार्यक्रम जारी करने वाली है, जिसमें सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने जोडा कि अगले साल होने वाले नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी के लिये सभी कार्यकर्ता एक जुटता से जुट जायें। कांग्रेस राज्यसभा सांसद अशोक सिंह ने सम्मेलन को संबोधित करते हुये कहा कि यह कार्यक्रम कांग्रेस कार्यकर्ताओं का ऊर्जा देगा और निश्चित रूप से जो भीड यहां आई है, वो बदलाव का संकेत देती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिये जो लडाई राहुल गांधी जी लड रहे हैं, उसमें हम सबको सहभागिता करनी है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुये पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने नवरात्रि में आयोजित इस कार्यकर्ता सम्मेलन की सफलता पर विधायक डाॅ. सिकरवार को बधाई देते हुये कहा कि पहले विधायक डाॅ. सिकरवार ने विधायकी, महापौरी का शिकार कर भाजपा से छीना और अब ग्वालियर में कांग्रेस का सांसद बनेगा, यह तय है। पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ला एवं पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि विधायक डाॅ. सतीश सिकरवार से कांग्रेस के वर्तमान एवं पूर्व विधायकों को सीख लेना चाहिए कि वह इसी तरह सक्रिय रहकर क्षेत्र में काम करें और आयोजन निरंतर करते रहे। विधायक साहब सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक प्रवीण पाठक, कांग्रेस नेता सुनील शर्मा एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने भी विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन एम.आई.सी सदस्य एवं पार्षद अवधेश कौरव किया। ग्वालियर पूर्व विधानसभा का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आज रंगमहल गार्डन में शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गया। सम्मेलन में 5 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने संगठन की मजबूती का एहसास करा दिया। कार्यक्रम संयोजक विधायक ’डॉ. सतीश सिकरवार’ ने कहा कि आज 5000 से अधिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने बता दिया है कि ग्वालियर पूर्व का कार्यकर्ता एकजुट है और कांग्रेस के साथ खड़ा है। यही हमारी असली ताकत है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेत्री श्रीमती रश्मि पवार शर्मा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ज्योति सिंह, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय यादव, सेवादल जिलाध्यक्ष हरेन्द्र गुर्जर, आई.टी. सेल जिलाध्यक्ष आदित्य सेंगर, ब्लाॅक अध्यक्षगण विनोद जैन, राजेश तोमर, श्रीमती रेखा जाटव, अनूप शिवहरे, संदीप यादव आदि मंचासीन रहे।