निगम अध्यक्ष तोमर ने वार्ड 55 में स्वच्छता एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया
ग्वालियर। निगम अध्यक्ष मनोज तोमर एवं अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने गुरुवार को वार्ड 55 सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्वच्छता, जल निकासी, सड़क एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार तथा लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष मनोज तोमर ने आमखो स्थित स्मार्ट सिटी रोड पर जलभराव की समस्या से अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव को अवगत कराया। उन्होंने जलभराव की समस्या का स्थायी निराकरण करते हुए जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे ऊंचे चौम्बर का लेवल मिलान कराने, डिवाइडर पर पौधे लगाने तथा एसडीएम बंगले के सामने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। कस्तूरबा चौराहे से गुडा रोड की ओर निरीक्षण के दौरान सड़क पर आवश्यक पैचवर्क कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान वार्ड 46 की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन को कचरा ढेरी में खाली करते हुए पाए जाने पर निगम अध्यक्ष मनोज तोमर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित वाहन चालक, हेल्पर एवं ठेला कर्मचारी का तीन दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार वार्ड 37 स्थित जीवाजीगंज नाले के निरीक्षण के दौरान गंदगी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। लक्ष्मीगंज मंडी क्षेत्र में भी सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। सफाई कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित वार्ड स्वास्थ्य अधिकारी को मूल पद पर भेजने के निर्देश दिए गए। वहीं चाय के ठेले के पास चाय के गिलास एवं गंदगी पाए जाने पर मौके पर ही 250 रुपये का जुर्माना लगाया गया। निगम अध्यक्षश्री मनोज तोमर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की स्वच्छता एवं मूलभूत व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी तथा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।