निगमायुक्त चौधरी ने क्षेत्रीय कार्यालय 20 का किया निरीक्षण
ग्वालियर । निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने क्षेत्रीय कार्यालय 20 के अंतर्गत वार्ड 47 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व वसूली, साफ-सफाई और क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की। निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लक्ष्य के अनुरूप सम्पत्तिकर एवं जलकर की वसूली में तेजी लाई जाए और कचराठियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने क्षेत्रीय कार्यालय पर संपत्ति कर वसूली की समीक्षा की तथा संबंधित कर संग्रहको को सम्पत्तिकर की साप्ताहिक वसूली का टारगेट दिया। जिसमें वार्ड 47 को 150000 रूपये, वार्ड 48 में 300000 रूपये, वार्ड 51 में 200000 रूपये एवं वार्ड 53 में 200000 रूपये सम्पत्तिकर वसूली के निर्देश दिए। इसके साथ ही नई आईडी बनाने के निर्देष भी दिए गए, जिससे ज्यादा से ज्यादा सम्पत्ति कर वसूला जा सके तथा वार्ड 47 के कर संग्रहक मुरली शर्मा द्वारा नई आईडी नहीं बनने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलकर की समीक्षा करते हुए वार्ड 47, 48,51 एवं 53 के उपयंत्रियों का एक सप्ताह में 300000 रूपये का जलकर वसूलने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने दक्षिण विधान सभा के कार्यपालन यंत्री प्रवीण दीक्षित के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दक्षिण विधान सभा अंतर्गत सबसे कम वसूली के कारण उपयंत्री वार्ड 48 आनंद कुशवाह एवं उपयंत्री वार्ड 52 सूरज प्रताप जादौन को नोटिस देने के निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान लक्कड़खाना पुल पर 6 विद्युत पोल और लाईट निविदा प्रक्रिया उपरांत एक महीने के अंदर लगाये जाने के निर्देश दिये। साथ ही लक्कडखाना पुल पर लगने वाले ऑटो स्टेंड को षिफ्ट कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही निरीक्षण के दौरान धुलाई सेंटर द्वारा पानी का अपव्यय करने पर संबंधित अधिकारियों को निर्देषित किया कि धुलाई सेंटरों को चिन्हित कर सख्त कार्यवाही कर बंद करायें। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी किषोर चौहान को एक सप्ताह में चिन्हित किए गए 10 ब्लैक स्पॉट को साफ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक स्वास्थ्य अधिकारी रामचन्द्र धौलपुरिया के द्वारा बताये गये 8 ब्लैक स्पॉट में से एक ब्लैक स्पॉट वापस कचड़ा आने के कारण इस ब्लैक स्पॉट पर चालानी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार, उपायुक्त मुकेश बंसल, सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार, कार्यपालन यंत्री पवन शर्मा, प्रवीण दीक्षित, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव सहित स्मार्ट सिटी के अधिकारी एवं निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।