वृक्षारोपण कर आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित व हरा-भरा भविष्य सुनिश्चित करें : प्रद्युम्न सिंह तोमर
- वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए ऊर्जा मंत्री
ग्वालियर । 'सेवा संकल्प अभियान' के अन्तर्गत ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर रविवार को उपनगर ग्वालियर के न्यू कॉलोनी स्थित नवीन पार्क में राजा मानसिंह तोमर मंडल द्वारा आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण के लिए पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेना भी हम सभी का दायित्व है।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि आज के समय में बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग (वैश्विक तापवृद्धि) से बचने के लिए हम सबका कर्तव्य है कि अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा करना केवल सरकारों का नहीं, बल्कि हर नागरिक का सामूहिक कर्तव्य है। केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके बड़े होने तक उनकी उसी प्रकार देखभाल करने का संकल्प लिया जाता है, जैसे एक माँ अपने बच्चे की करती है। ऊर्जा मंत्री ने आव्हान किया कि अधिक से अधिक पेड़ लगाकर शुद्ध हवा, तापमान में कमी और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित व हरा-भरा भविष्य सुनिश्चित करें।