ग्वालियर।लक्ष्मीबाई कॉलोनी, पड़ाव के वाशिंदे पितरों की मुक्ति के लिए आयोजित होने वाले सर्व पितृ तर्पण महायज्ञ के 25वें वर्ष के उपलक्ष्य में इस बार 3 अक्टूबर से कम्युनिटी हॉल प्रांगण में श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ का आयोजन करने जा रहे हैं। यह जानकारी गंगादास की बड़ी शाला के महंत रामसेवक दास महाराज, एमएलबी कॉलोनी रेजीडेंट संगठन के अध्यक्ष डॉ. बी.के. माहेश्वरी और सर्व पितृ तर्पण महायज्ञ समिति के संयोजक डॉ. ए.के. वाजपेयी ने गुरुवार को पत्रकारवार्ता में दी।
महंत रामसेवक दास महाराज ने बताया कि कथा का शुभारंभ 3 अक्टूबर को कलश यात्रा के साथ होगा। यह कलश यात्रा लक्ष्मीबाई कॉलोनी में ही निकाली जाएगी। प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक श्रीमद् भागवत ज्ञान की अमृत वर्षा होगी। भागवत कथा के व्यास वृंदावन धाम के प्रसिद्ध कथावाचक रामकिशोर दास शास्त्री होंगे, जो देशभर में सैकड़ों कथाओं का वाचन कर चुके हैं। समिति संयोजक डॉ. वाजपेयी ने बताया कि 25 वर्ष पूर्ण होने पर इस बार पितृपक्ष में ही भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। सनातन परंपरा में पितरों की मुक्ति के लिए इससे बड़ा कोई साधन नहीं है। कथा के साथ ही वैदिक परंपरा के अनुसार आचार्यों द्वारा तर्पण किया जाएगा। जिस कुंड में तर्पण होगा, उसमें सात नदियों का जल भरा जाएगा और विशेष विधि-विधान से पूर्वजों के लिए तर्पण होगा। इस बार प्रमुख रूप से नांदी श्राद्ध भी कराया जाएगा, जिससे पितरों को शांति मिल सके। सर्व पितृ मोक्ष अमावस्या पर सुबह 7 बजे वैदिक आचार्य डॉ. सुनील शर्मा और पं. सत्यप्रकाश दुबे के सान्निध्य में मुख्य तर्पण कार्यक्रम होगा। यदि कोई श्रद्धालु पितृपक्ष में विधि-विधान से तर्पण नहीं कर पाया है, तो वह यहां निःशुल्क पूरी वैदिक प्रक्रिया के साथ तर्पण कर सकता है। पत्रकार वार्ता में समिति के उपाध्यक्ष जे.पी. सिंह, अनुराग चतुर्वेदी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।