बाल कैंसर जागरूकता माह के अंतर्गत CHRI में बाल कैंसर सर्वाइवर्स के लिए स्वास्थ्य शिविर एवं भव्य फन फेयर का आयोजन

बाल कैंसर जागरूकता माह के अंतर्गत CHRI में बाल कैंसर सर्वाइवर्स के लिए स्वास्थ्य शिविर एवं भव्य फन फेयर का आयोजन
सितंबर माह को विश्व स्तर पर बाल कैंसर जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (CHRI), ग्वालियर में 29 एवं 30 सितंबर 2026 को बाल कैंसर सर्वाइवर्स के लिए पेडियाट्रिक एवं हेमेटोलॉजिकल हेल्थ कैंप तथा विशेष फन फेयर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर से उपचार प्राप्त कर चुके बच्चों के स्वास्थ्य की समग्र जांच के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास, मानसिक स्वास्थ्य और खुशियों को बढ़ावा देना था।
स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न विशेषज्ञताओं के वरिष्ठ चिकित्सकों ने बच्चों की जांच एवं स्वास्थ्य मूल्यांकन किया। जीआरएमसी एवं जेएएच से प्रो. डॉ. बजोरिया, विभागाध्यक्ष, ऑर्थोपेडिक्स; प्रो. डॉ. देवेंद्र कुमार शाक्य, विभागाध्यक्ष, ऑप्थैल्मोलॉजी; डॉ. दिनेश कुमार उडेनिया, विभागाध्यक्ष, न्यूरोलॉजी; प्रो. डॉ. रविंद्र कुमार बंसल, डायरेक्टर, सेमल हॉस्पिटल ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसके अतिरिक्त सीनियर इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक शर्मा डायरेक्टर, कॉर्डिस हार्ट सेंटर ने भी बच्चों के स्वास्थ्य मूल्यांकन में सहयोग दिया।

बच्चों के मानसिक एवं मनोवैज्ञानिक स्वास्थ्य के मूल्यांकन के लिए 30 सितंबर की सुबह डॉ. संध्या गर्ग, असिस्टेंट प्रोफेसर, साइकोलॉजी, एमिटी यूनिवर्सिटी ग्वालियर द्वारा विशेष सत्र आयोजित किया गया, जो दोपहर तक चला। इसके अतिरिक्त CHRI में बच्चों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक जांचें की गईं।
इस विशेष शिविर में कुल 70 बाल कैंसर सर्वाइवर्स अपने माता-पिता के साथ CHRI पहुंचे। बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण को सुविधाजनक बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं, ताकि बच्चे इन दो दिवसीय कार्यक्रम में सहजता एवं उत्साहपूर्वक भाग ले सकें।।
कार्यक्रम के दूसरे दिन दोपहर 2 बजे से बच्चों के लिए एक विशेष फन फेयर का आयोजन किया गया। श्रीमती रीता बापना के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ ग्वालियर, रोट्रैक्ट क्लब ऑफ ग्वालियर एवं एएमआई शिशु मंदिर, ग्वालियर के इंटरैक्ट क्लब ने बच्चों के मनोरंजन और उत्साह के लिए विभिन्न गतिविधियां रखी। 

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वर्गीय श्री राजीव सहाय जी, श्रीमती सहाय तथा श्री शीतला सहाय जी को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। जिसमें डॉ. एस. एन. लाहा, डॉ. स्नेहा सप्रे, रोटरी क्लब अध्यक्ष श्री दीपेश अग्रवाल, पीडीजी श्री वीरेंद्र बापना, श्रीमती रीता बापना, रोटरी क्लब सचिव श्री के. के. साहू, रोट्रैक्ट क्लब अध्यक्ष सुश्री अंशिता जैन एवं रोट्रैक्ट क्लब सचिव सुश्री प्रज्ञा बंसल सहित डॉ. बी. आर. श्रीवास्तव, डायरेक्टर, CHRI; डॉ. अर्चना श्रीवास्तव, डायरेक्टर, PGCON; डॉ. गुंजन श्रीवास्तव, मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट, CHRI; एवं डॉ. जी. एस. राजपूत, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इसके बाद एएमआई शिशु मंदिर स्कूल के विद्यार्थियों ने स्वागत नृत्य के माध्यम से बच्चों का अभिनंदन किया। सभी बच्चों को कपकेक, बैग, रिस्टबैंड, क्राउन एवं विशेष किट प्रदान की गई। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं चिकित्सकों के कंधों पर बच्चों द्वारा स्वयं बैज लगाए गए, जिससे बच्चों और अतिथियों के बीच आत्मीय एवं भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला।
फन फेयर के दौरान रोटेरियन सुचेता बोस लाहा एवं रोटेरियन रैना बनर्जी द्वारा कहानी वाचन एवं नैतिक संदेश पर आधारित विशेष प्रस्तुति ने बच्चों का मनोरंजन किया। इसके बाद बाल कैंसर सर्वाइवर्स ने विभिन्न गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह और उमंग भर दी। 

इस अवसर पर CHRI के निदेशक डॉ. बी. आर. श्रीवास्तव ने कहा कि बाल कैंसर से उपचार प्राप्त कर चुके बच्चों के लिए इस प्रकार के आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें यह एहसास दिलाते हैं कि वे समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं और उन्हें प्यार, सम्मान एवं स्वीकार्यता प्राप्त है। उन्होंने कहा कि बच्चों के उपचार के साथ उनके मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर ध्यान देना भी अत्यंत आवश्यक है। 
कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (CHRI) की ओर से कार्यक्रम में डॉ. बी. आर. श्रीवास्तव, डायरेक्टर, CHRI; डॉ. अर्चना श्रीवास्तव, डायरेक्टर, PGCON; डॉ. गुंजन श्रीवास्तव, मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट, CHRI; डॉ. जी. एस. राजपूत, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट; डॉ. एस. पी. त्रिपाठी, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट; डॉ. विजय चौधरी एवं डॉ. अनिल शर्मा, हेमेटोलॉजिस्ट; डॉ. शिवानी, AMO; डॉ. सुरभि, AMO; डॉ. संतोष कुमार; सुश्री कंचन पुरोहित; डायटीशियन सुश्री रूपम सक्सेना; सिस्टर मैरी; सिस्टर सूजा; सुश्री कल्पना; इनचार्ज ब्रदर सुदर्शन सहित पेडियाट्रिक वार्ड के समस्त नर्सिंग स्टाफ की सक्रिय उपस्थिति रही। Cankids–Kidscan की ओर से श्री हामीद खान एवं श्रीमती रजनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रतिवर्ष 50,000 से अधिक बच्चे कैंसर से प्रभावित होते हैं। CHRI में प्रतिवर्ष 100 से अधिक बच्चों का कैंसर का सफलतापूर्वक उपचार किया जा रहा है। बच्चों में होने वाले अधिकांश कैंसर का समय पर निदान एवं उचित उपचार के माध्यम से सफलतापूर्वक इलाज संभव है। इसी जागरूकता को बढ़ावा देने तथा बच्चों और उनके परिवारों में कैंसर के प्रति सकारात्मक सोच एवं विश्वास विकसित करने के उद्देश्य से इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों, चिकित्सकों, सामाजिक संस्थाओं, रोटरी क्लब के सदस्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, CHRI के चिकित्सकीय एवं प्रशासनिक स्टाफ तथा बच्चों के अभिभावकों ने सहभागिता की। स्वास्थ्य जांच और मनोरंजन से जुड़े इस संयुक्त आयोजन ने बाल कैंसर सर्वाइवर्स और उनके परिवारों के लिए एक ऐसा अवसर प्रदान किया, जिसमें चिकित्सा देखभाल के साथ खुशी, आत्मविश्वास और सामाजिक जुड़ाव को भी समान महत्व दिया गया।

posted by Admin
21

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->