राष्ट्रीय खेल दिवस पर एलएनआईपीई में तीन दिवसीय ‘खेल महोत्सव’ का शुभारंभ
ग्वालियर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई), ग्वालियर में 28 से 30 अगस्त 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय ‘खेल महोत्सव’ का आज भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में संस्थान की कुलपति प्रो. कल्पना शर्मा मुख्य अतिथि तथा प्रो. यतेंद्र कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उद्घाटन अवसर पर प्रो. कल्पना शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण साधन हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों में पूरे उत्साह और सकारात्मक भावना के साथ भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, निरंतर प्रयास और अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि एलएनआईपीई देश में शारीरिक शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की खेल प्रतिभा और योगदान को स्मरण करने का अवसर बताते हुए विद्यार्थियों को खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
LNIPE के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर तरुण प्रताप सिंह तोमर ने बताया कि
तीन दिवसीय खेल महोत्सव के दौरान टग ऑफ वार, पिट्टू, क्रिकेट, साइकिल रैली, स्पोर्ट्स क्विज, हॉकी, योग, शतरंज, रस्सी कूद और रिले रन सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थी, स्टाफ एवं संस्थान के अन्य सदस्य उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
खेल महोत्सव का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 30 अगस्त को शाम 6 बजे ट्रैक एंड फील्ड परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
एलएनआईपीई का यह आयोजन राष्ट्रीय खेल दिवस की भावना को सार्थक करते हुए ‘खेल, स्वास्थ्य और अनुशासन’ के संदेश को विद्यार्थियों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।